पहले चरण में शहर के 13 लोगों को इस योजना के तहत चयनित किया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। लायंस क्लब ग्रीन ने आत्मनिर्भर रोजगार योजना शुरू की है। इस योजना से रेहड़ी-फेरी लगाने वाले जरूरतमंद लोगों की मदद की जाएगी। संसाधनों के अभाव में वे अपनी रोजी-रोटी नहीं कमा पाते। पहले चरण में शहर के 13 लोगों को इस योजना के तहत चयनित किया गया है।
प्रोजेक्ट के प्रधान नरेश सेठी ने रविवार को जनता भवन में मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि लायंस क्लब सिरसा ग्रीन की ओर से पूर्व में भी समाज के उत्थान के लिए अनेक प्रकार के प्रोजेक्ट चलाए जा रहे हैं। इस योजना को शुरू करने का उद्देश्य ऐसे लोगों को सहारा देना है जो काम तो करना चाहते हैं लेकिन संसाधनों के अभाव में कुछ कर नहीं पा रहे।
सेठी ने बताया कि क्लब का इस योजना के तहत उन लोगों को चयन किया गया है जो छोटे कार्य कर अपना रोजगार चलाते हैं। उन्होंने बताया कि इसके लिए बाकायदा क्लब की ओर से एक टीम बनाई गई है जो ऐसे लोगों का चयन करती है। उनकी पूरी जानकारी जुटाती है।
सेठी ने बताया कि टीम की ओर से चयन किए जाने के बाद एस्टीमेट बनाकर चयनित किए गए लोगों को तुरंत सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके लिए चयनित लोगों से उनके दस्तावेज भी लिए जाते हैं ताकि सही लोगों तक सहायता पहुंच सके।
सेठी ने बताया कि रविवार से यह योजना शहर में संचालित की जाएगी। शहर के बाद धीरे-धीरे इसे गांवों में भी शुरू किया जाएगा ताकि जरूरतमंद लोग अपना रोजगार चला सकें। क्लब की ओर से एक नंबर भी जारी किया गया है जिस पर कोई भी संपर्क कर सकता है। वहीं, इस योजना के लिए कोई भी व्यक्ति सहायता के लिए क्लब से संपर्क कर सकता है। क्लब की ओर से उसे सदस्यता के साथ-साथ पूरा सम्मान दिया जाएगा।
ऐसे शुरू हुआ कार्यक्रम
क्लब सचिव व चार्टर प्रधान लायन विपिन मेहता ने कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। कार्यक्रम में लायन विशाल वढेरा, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के तौर पर लायन शमिंन्द्र पाल मिगलानी, लायन पवन सरदाना, लायन नकुल मोहंता, लायन पुनीत बंसल व लायन सुनील फुलिया ने अपनी उपस्थिति दर्ज की।
लायंस क्लब इंटरनेशनल की हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां। लायंस क्लब इंटरनेशनल के जनपद 321 के रीजन 11 की रीजन काॅन्फ्रेंस रानियां के एक निजी होटल में हुई। यह बैठक रीजन चेयरमैन लायन हरप्रीत सिंह थिंद की अध्यक्षता में शनिवार रात को हुई।
मुख्य अतिथि जनपद गवर्नर लायन विशाल वडेरा थे जबकि मुख्य वक्ता पूर्व जनपद गवर्नर लायन चंद्रशेखर मेहता थे। विशिष्ट अतिथि लायन संजय गांधी एवं लायन महेश बांसल थे। इस रीजन काॅन्फ्रेंस के चेयरमैन लायन पुनित बांसल, डाॅ. एसपी चोपड़ा तथा राजकुमार राजा रहे।
काॅन्फ्रेंस में लायंस क्लब सिरसा स्टार को क्लब ऑफ रीजन का अवाॅर्ड मिला। लायन क्लब सिरसा अमर के संस्थापक अध्यक्ष स्वामी रमेश साहुवाला, इंद्र कुमार गोयल, कुलदीप फुटेला, शिव शंकर, हरभगवान मेहता, श्यामलाल शर्मा, मोहित सोनी, अशोक वर्मा, दिनेश टांटियां, कशमीर कंबोज, आशीष बजाज को परमानेंट प्रोजेक्ट सिलाई केंद्र तथा परमानेंट प्रोजेक्ट ब्यूटी पार्लर सेंटर एवं कंप्यूटर सेंटर के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।