संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। डॉ. आंबेडकर फाउंडेशन की ओर से महान संतों की जयंती/पुण्यतिथि समारोह के लिए डॉ. आंबेडकर योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत पंजीकृत एवं मान्यता प्राप्त गैरसरकारी संगठनों (एनजीओ) तथा मान्यता प्राप्त सरकारी कॉलेजों/विश्वविद्यालयों/संस्थानों को अनुदान दिया जाता है। मान्यता प्राप्त कॉलेजों/विश्वविद्यालयों/संस्थानों को पांच लाख तथा पंजीकृत एनजीओ को दो लाख तक का अनुदान दिया जाता है।
इस योजना के तहत कुल 16 महान संतों की जयंती/पुण्यतिथि मनाने के लिए सहायता दी जाती है। किसी भी संस्था/संगठन को एक वित्तीय वर्ष में केवल एक बार अनुदान प्रदान किया जाता है।
जिला कल्याण अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि आगामी 11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फुले की जन्मतिथि है। उनकी जयंती मनाने के लिए अनुदान लेने के लिए आवेदन उपायुक्त कार्यालय के माध्यम से भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय में भिजवाए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए किसी भी कार्य दिवस में जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।