244 परिचालकों को दी ई-टिकट की ट्रेनिंग, 200 मशीन की भेजी डिमांड
- जल्द ही दादरी डिपो में शुरू होगी ई-टिकट सेवा, प्रतिदिन 25 हजार यात्री करते हैं बसों में सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दादरी रोडवेज डिपो भी हाईटेक होने की ओर अग्रसर है। डिपो अधिकारियों ने ई-टिकट प्रणाली लागू कराने के लिए 244 परिचालकों को ट्रेनिंग दिलवा दी है जबकि मुख्यालय 200 टिकट मशीन की डिमांड भी भेज दी है। ई-टिकट मशीन पहुंचने के बाद परिचालकों को काफी राहत होगी और फिर वो मैन्युअल के बजाय मशीन से टिकट निकालकर यात्रियों को देंगे।
बता दे कि यह व्यवस्था प्रदेश के कई डिपो में लागू हो चुकी है जबकि चरखी दादरी अभी बाकी है। अब अधिकारियों ने डिपो में भी ई-टिकट सेवा शुरू करने की योजना तैयार कर ली है। अधिकारियों के अनुसार 6 जिलों में यह प्रयोग सफल रहा है। अब उच्चाधिकारियों के आदेश है कि दादरी डिपो में भी इसे शुरू किया जाए। इसी के तहत कर्मचारियों की ट्रेनिंग दिलाई गई है और अब यह व्यवस्था लागू करने के लिए ई-टिकट मशीन आने का इंतजार है।
- एक क्लिक पर मिलेगी टिकट
ई-टिकट मशीन एक स्वैप मशीन की तरह होगी। परिचालक को यात्रा प्रारंभ और गंतव्य स्थान का नाम डालना होगा। उसके बाद एक क्लिक पर टिकट बाहर आ जाएगी। इसके अलावा मशीन में कार्ड स्वैप और यूपीआई की सुविधा रहेगी। परिचालक के पास खुले पैसे का सिस्टम लगभग खत्म हो जाएगा और टिकट भी कम समय में कटेंगी।
- 76 रूटों पर चलती हैं बसें
दादरी डिपो में 171 बसों का बेड़ा स्वीकृत हैं। वर्तमान में 135 बसें चल रही हैं। इनमें से 40 बसें लोहारू की भी शामिल हैं। दादरी डिपो को प्रतिदिन बसों से 11 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हो रहा है। 76 रूटों पर चल रही बसों से प्रतिदिन करीब 25 हजार लोग यात्रा करते हैं।
वर्जन:
ई टिकट प्रणाली शुरू करने के लिए परिचालकों को ट्रेनिंग दी जा चुकी है। हमने 200 मशीन की मांग की है। उम्मीद है कि सरकार जल्द से जल्द यह मशीनें भेज देगी।
-प्रदीप अहलावत, जीएम, चरखी दादरी डिपो