सिरसा। पुलिस कर्मी को धमकी देने के आरोपी युवक को बस स्टैंड लेकर आई पुलिस । पुलिस
सिरसा। बस स्टैंड परिसर में वीरवार देर रात शराब के नशे में ऑटो चालक ने ऑटो चालक ने कार और राइडर की बाइक में तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं बस स्टैंड चौकी में पुलिस कर्मचारी को गोली मारने की धमकी दी। डायल 112 की टीम उसे थाने लेकर जाने लगी तो गाड़ी में बैठते हुए युवक ने पुलिसकर्मी को बाहर मिलने पर माथे में गोली मारने की बात कही।
शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी दीपक सहारण के संज्ञान में मामले के आने पर आरोपी के विरुद्ध सिविल लाइन थाना प्रभारी को प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवक पुलिस कर्मचारियों को गालियां देते हुए व जान से मारने की धमकी देता हुआ नजर आता है।
राइडर नंबर 12 पर ड्यूटी के दौरान एचजीएच के जवान अमर सिंह ने शिकायत में बताया कि देर रात जब वह बाहर गए तो शिव चौक सिरसा निवासी पंकज संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा था। जब उस युवक से घूमने का कारण पूछा तो उसने बहस करनी शुरू कर दी। युवक ने धमकी दी कि वह फौजी है। डायल 112 की टीम युवक को गाड़ी में बैठाकर लेकर जाने लगी तो आरोपी खिड़की के सहारे खड़ा हो गया। इस प्रकरण में सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने, सरकारी ड्यूटी में बांधा पहुंचने व सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
बस का तोड़ा शीशा
आरोपी युवक ने इस दौरान एक रोडवेज बस का शीशा भी तोड़ दिया। बस चालक ने बताया कि उसकी बस काउंटर पर खड़ी की थी। एक ईंट आकर सीधे बस के पीछे शीशे पर लगी, इससे शीशा टूट गया। इस बारे मेंं अधिकारियों को अवगत करा दिया है। इससे पहले, आरोपी ऑटो चालक राइडर बाइक को नीचे गिराकर तोड़ने लगा। सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि एसपी के संज्ञान में मामले के आने के बाद आरोपी ऑटो चालक पर एफआईआर दर्ज की गई है। सरकारी ड्यूटी में बांधा डालना, सरकारी कर्मचारी को जान से मारने की धमकी देना और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को मौके पर ले जाकर निशानदेही करवाई गई है।