सिरसा। घरेलू गैस सिलिंडर का व्यावसायिक उपयोग रोकने के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की पांच टीमों ने बुधवार को शहर के अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर छापे मारे। इस दौरान टीम ने 42 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किए। विभाग की ओर से घरेलू गैस सिलिंडर का इस्तेमाल करने वाले प्रतिष्ठान संचालकों को नोटिस जारी किया है।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि ये अभियान लगातार जारी रहेगा। इसके लिए जिला भर में विभाग द्वारा टीमों का गठन कर दिया गया है। ये टीमें प्रतिदिन अपने-अपने क्षेत्र में दुकानों, होटलों सहित अन्य प्रतिष्ठानों पर जांच करेंगी। जहां भी घरेलू गैस सिलेंडर का व्यवसायिक तौर पर उपयोग होता पाया जाता है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सिरसा शहर में एएफएसओ राहुल के नेतृत्व में निरीक्षक घड़सीराम, कुलदीप, विवेक, पिंकी तथा ऋषि भाटिया ने विभिन्न स्थानों पर छापे मारे। डबवाली में भी छापे मारकर 10 गैस सिलिंडर जब्त किए गए हैं।