गांव रूपावास की व्यायामशाला में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण करते हुए युवा व अन्य।
सिरसा। हरियाणा योग आयोग व आयुष विभाग के आदेशानुसार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिलेभर में योग प्रोटोकॉल अभ्यास का करवाया जा रहा है। इसी कड़ी में गांव रूपावास की व्यायामशाला में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. राजकुमार ने कहा कि योग को केवल 21 जून तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं।
उन्होंने योग को शारीरिक, मानसिक और आत्मिक विकास का माध्यम बताते हुए नियमित अभ्यास की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में जिला योग कोऑर्डिनेटर डॉ. सुरेंद्र नागर ने सभी को कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया। उन्होंने योग सत्र की शुरुआत प्रार्थना से करवाई, उसके बाद सूक्ष्म व्यायाम, खड़े होकर, बैठकर, पीठ और पेट के बल लेटकर किए जाने वाले विभिन्न योगासन करवाए।
अंत में उन्होंने सभी को प्राणायाम, ध्यान और शांति पाठ के साथ अभ्यास का समापन करवाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नाथूसरी चोपटा के चेयरमैन सूरजभान बुमरा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन विद्या है और आज के समय में इसे आत्मसात करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नियमित योग करके एक स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सरपंच उदयपाल ढिल्लों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि कुछ समय पहले उनकी कमर में दर्द था, लेकिन योग का नियमित अभ्यास करने के बाद अब वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। इस अवसर पर रायपुर के सरपंच मनोज बेनीवाल, पूर्व सरपंच कृष्ण बेनीवाल, कुलवंत, ओम, वेदपाल, विनोद, सतपाल सहित सभी खेल नर्सरी कोच उपस्थित रहे।