रानियां। जीवन नगर बस स्टैंड के पास लेमिनेशन व ग्राफिक्स की दुकान में बुधवार रात 12 बजे एक अनियंत्रित कार घुस गई। दुकान में रखे लाखों रुपये के सामान का नुकसान हो गया। सूचना पाकर जीवन नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
दुकान मालिक हरपाल सिंह निवासी धमौड़ा थेड़ी ने बताया कि जीवन नगर बस स्टैंड के सामने उसकी लेमिनेशन व ग्राफिक्स की दुकान है। बुधवार देर रात करीब 12 बजे एक अनियंत्रित कार उसकी दुकान में घुस गई। इससे दुकान में रखा लेपटॉप, काउंटर, गाड़ियों की हेड लाइटें, ग्राफिक मशीन, दुकान का शटर, शीशा, कुर्सी सहित अन्य सामान टूट गया।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर जीवन नगर पुलिस चौकी की टीम ने घटना का जायजा लिया और आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से गाड़ी व चालक की पहचान करने में लगी है। पुलिस को दी शिकायत में दुकान मालिक हरपाल सिंह ने कार चालक को पकड़ने और उसकी दुकान में हुए नुकसान की भरपाई की मांग की है।