कालांवाली। शहर के दिव्यांजनों को दिव्यांग प्रमाण बनाने के लिए मुश्किलों का सामना पड़ रहा है। दिव्यांगजनों को अपना दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कई किलोमीटर का सफर तय करके जिला मुख्यालय सिरसा जाना पड़ता है। जिसको लेकर कालांवाली के मनोनीत पार्षद पूर्ण चंद नागर ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है और दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने के लिए कालांवाली में मासिक शिविर लगाए जाने की मांग की है।
मनोनीत पार्षद पूर्ण चंद नागर ने बताया कि दिव्यांगजनों को अपना दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने के लिए करीब 40 किलोमीटर की दूरी तय करके सामान्य अस्पताल सिरसा जाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि कालांवाली में बहुत से दिव्यांगजन हैं, जिनके अभी तक दिव्यांग प्रमाण पत्र नहीं बने हैं। उनके पास या उनके परिवार के पास न तो खुद का कोई वाहन है और न ही उन्हें जिला मुख्यालय में जाने के लिए बेहतर व्यवस्था है। जिस कारण वो सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यदि कालांवाली में माह में एक दिन शिविर लगाए जाने की व्यवस्था की जाए ताकि दिव्यांगजनों को किसी प्रकार की परेशानी ना झेलनी पड़े और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।