सिरसा। जिला नागरिक अस्पताल ने मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हेल्पलाइन सेवा 104 शुरू की है। पहले भी मरीज इस सेवा का लाभ ले सकते थे लेकिन अधिकांश लोगों को इसकी जानकारी नहीं थी जिससे इसका सही उपयोग नहीं हो पा रहा था। अब अस्पताल प्रशासन ने प्रवेश और निकासी द्वार पर पोस्टर लगाकर मरीजों को हेल्पलाइन के बारे में जागरूक किया है।
यह सेवा गर्भवती महिलाओं के इलाज, एंबुलेंस सुविधा, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और अन्य जांच सुविधाओं के साथ-साथ अस्पताल से संबंधित सभी समस्याओं के समाधान में मदद करेगी। मरीजों को अलग-अलग काउंटरों पर भटकना नहीं पड़ेगा क्योंकि हेल्पलाइन उनके लिए एक केंद्रीकृत समाधान केंद्र के रूप में कार्य करेगी।
हेल्पलाइन का संचालन और मॉनिटरिंग अस्पताल के एसएमओ डॉ. आरके दहिया कर रहे हैं। अस्पताल के पोर्टल से आने वाली सभी कॉल की जानकारी ऑपरेटर मुख्य रूप से डॉ. दहिया को देते हैं। इसके बाद प्राथमिकता के आधार पर समस्या का समाधान किया जाता है।
हेल्पलाइन के माध्यम से मरीज यदि इलाज में देरी, जांच में बाधा, दवाइयों की उपलब्धता या अन्य किसी प्रकार की परेशानी का सामना करते हैं, तो सीधे 104 नंबर डायल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। कॉल अस्पताल के ऑनलाइन पोर्टल से जुड़ी रहती है, जहां प्रशिक्षित ऑपरेटर और विशेषज्ञ चिकित्सक त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हैं।
डॉ. आरके दहिया ने बताया कि 104 हेल्पलाइन मरीजों के लिए प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करती है। यह पहल न केवल मरीजों की सुविधा बढ़ाएगी बल्कि अस्पताल प्रशासन को भी सेवाओं की गुणवत्ता और प्रक्रियाओं में सुधार का मौका देगी।
अस्पताल प्रशासन ने सभी मरीजों से अपील की है कि वे किसी भी परेशानी या समस्या की स्थिति में 104 नंबर पर संपर्क करें, ताकि अस्पताल समय पर कार्रवाई कर सके और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जा सकें। यह कदम जिले के स्वास्थ्य प्रबंधन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।
-
अस्पताल में मरीजों को मिलने वाले इलाज में परेशानी को दूर करने के लिए हेल्पलाइन का उपयोग किया जा सकता है। यह सेवा न केवल मरीजों का भरोसा बढ़ाएगी, बल्कि अस्पताल की कार्यप्रणाली को भी अधिक पारदर्शी और संवेदनशील बनाएगी। मरीजों के हित में शुरू की गई यह हेल्पलाइन सेवा स्वास्थ्य सुविधाओं को एक नई दिशा देने वाली साबित होगी। डॉ. आर.के. दहिया, एसएमओ नागरिक अस्पताल सिरसा।