सिरसा। जिले में शिक्षा के स्तर को सुधारने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने नई पहल की शुरुआत की है। उपायुक्त शांतनु शर्मा ने शुक्रवार को जिले के 35 राजकीय स्कूलों की एक साथ जांच करवाई। इस जांच का मुख्य उद्देश्य शिक्षण प्रक्रिया, विद्यालयों का माहौल, विद्यार्थियों की उपस्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता का आकलन करना। इस अभियान को शिक्षा विभाग और प्रशासन ने मिलकर संचालित किया।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अब प्रत्येक माह जिले के सभी खंडों के पांच सरकारी स्कूलों की विशेष मॉनिटरिंग की जाएगी। इस प्रक्रिया का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि विद्यालयों में शिक्षण कार्य नियमित रूप से और प्रभावी ढंग से चले। शुक्रवार को की गई जांच में जिलेभर के विभिन्न खंडों से 35 राजकीय स्कूल शामिल किए गए।
इस दौरान विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था, अध्यापकों की उपस्थिति, बच्चों की संख्या, कक्षाओं का वातावरण और छात्रों की समझने की क्षमता का मूल्यांकन किया गया। जांच में पाया गया कि कुछ स्कूलों में अध्यापक पूरी मेहनत से कार्य कर रहे हैं, वहीं कुछ विद्यालयों में सुधार की आवश्यकता है।
-
डाइट टीम, कलस्टर प्राचार्य, बीआरपी व लेक्चरर शामिल
जांच प्रक्रिया के लिए 35 सदस्यों की विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के सदस्य, क्लस्टर प्राचार्य, ब्लॉक रिसोर्स पर्सन, लेक्चरर और शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी शामिल थे। प्रत्येक टीम को अलग-अलग स्कूलों में जाकर रेंडम जांच करने के निर्देश दिए गए थे। टीम के सदस्यों ने स्कूलों का निरीक्षण करते हुए न केवल अध्यापन पद्धति का मूल्यांकन किया बल्कि विद्यार्थियों से भी बातचीत की। टीम ने अध्यापकों से शिक्षण पद्धति, पाठ योजना और विषयवार प्रगति रिपोर्ट की जानकारी ली।
-
गणित व हिंदी विषयों की हुई विशेष जांच
इस जांच के दौरान विशेष रूप से गणित और हिंदी विषयों पर ध्यान दिया गया। टीम के सदस्यों ने कक्षा में रेंडम रूप से 7 विद्यार्थियों को चुना और उनसे विषय संबंधित प्रश्न पूछे। उद्देश्य यह था कि बच्चों की विषयगत समझ और शिक्षण की प्रभावशीलता का वास्तविक आकलन किया जा सके। गणित विषय में बच्चों से जोड़, घटाव, गुणा, भाग जैसे मूलभूत प्रश्न पूछे गए, जबकि हिंदी में वाक्य निर्माण, पठन क्षमता और शब्दार्थ समझने की योग्यता की जांच की गई। जांच में पाया गया कि कुछ विद्यालयों में विद्यार्थी विषयों में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि कुछ स्कूलों में सुधार की आवश्यकता महसूस की गई।
-
29 अक्तूबर को डीसी लेंगे समीक्षा बैठक
जिला उपायुक्त शांतनु शर्मा ने सभी जांच टीमों को 29 अक्तूबर तक अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उस दिन उपायुक्त स्वयं सभी रिपोर्टों की समीक्षा करेंगे और प्रत्येक खंड के स्कूलों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करेंगे। जो स्कूल बेहतर प्रदर्शन करेंगे, उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि कमजोर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों के खिलाफ सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध संसाधनों का भी निरीक्षण किया। कई स्कूलों में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, वहीं कुछ स्थानों पर सुधार के निर्देश दिए गए।