ओढ़ां। सालमखेड़ा से राशन उठवाते डिपो होल्डर। (संवाद)
ओढां। गांव सालमखेड़ा में बुधवार को भी राशन वितरण का मसला नहीं सुलझा। ऐसे में पिछले काफी दिनों से राशन से वंचित उपभोक्ता बार-बार राशन के लिए चक्कर काट रहे हैं। ऐसे में बुधवार को ओढां के डिपो होल्डर मुरारी लाल ने विभागीय आदेशों की बात कहकर गांव सालमखेड़ा से राशन उठा लिया और गांव ओढां ले गए। वहीं इस दौरान काफी उपभोक्ता भी मौके पर एकत्र हो गए। इस दौरान उन्होंने रोष भी जताया।
इसके बाद गांव सालमखेड़ा में मुनादी करवा दी गई कि जो राशन धारक उपभोक्ता हैं वे गांव ओढां से राशन ला सकते हैं। इसके बाद काफी उपभोक्ता तो ओढां से राशन ले आए। अभी ऐसे काफी उपभोक्ता वंचित हैं, जिनके पास गांव से ओढां करीब अढ़ाई किलोमीटर जाने के लिए कोई साधन नहीं है। दोनों ओर से उत्पन्न हुए इस पचड़े में उपभोक्ता बेवजह पिस रहे हैं।
सरपंच प्रतिनिधि पर लगाए आरोप
डिपो धारक मुरारी लाल का आरोप है कि सालमखेड़ा के ग्राम सरपंच प्रतिनिधि उन्हें गांव में राशन वितरित नहीं करने दे रहे और बेवजह धमका रहे हैं। वहीं सरपंच प्रतिनिधि ने डिपो होल्डर के आरोपों को नकारा है। दरअसल, करीब दो साल पहले सालम खेड़ा के डिपो होल्डर दलजीत सिंह की दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद डिपो को चोरमार के साथ अटैच किया गया और चोरमार के डिपो होल्डर हनुमान दास ने राशन वितरण जारी रखा। बाद में विभाग ने डिपो को ओढां के डिपो होल्डर मुरारी लाल के साथ अटैच कर दिया। उधर पुराने राशन डिपो से दलजीत सिंह के बेटे जगदेव सिंह का कहना है कि जब विभाग ने उनके गांव की सप्लाई ओढांं के साथ अटैच कर दी है तो वह राशन को बेवजह अपने घर में रखवाकर क्यों रखवाली करें।
गांव सालमखेड़ा में सरपंच प्रतिनिधि राशन वितरण में अड़चन उत्पन्न कर रहे हैं। हमने इसके लिए पूरी रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज रखी है। गांव सालमखेड़ा में मुनादी करवा दी गई है कि उपभोक्ता अपना राशन गांव ओढां से ला सकते हैं। जब तक उच्चाधिकारियों के आगामी आदेश नहीं आ जाते तब तक ओढां में राशन वितरण जारी है।
संदीप कुमार, एएफएसओ, खाद्य आपूर्ति विभाग, कालांवाली।