ऐलनाबाद। ट्रेक्टर ट्राली में लदी पराली की गांठों में लगी आग। संवाद
ऐलनाबाद। गांव तलवाड़ा खुर्द में बुधवार सुबह बिजली के ट्रांसफार्मर को छूने से पराली की गांठों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राॅली आग लग गई। आग लगने के साथ चालक ने ट्रैक्टर रोककर फायर बिग्रेड की टीम को सूचित किया। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया।
तलवाड़ा खुर्द निवासी कुलदीप सिंह भादू ट्रैक्टर ट्राॅली में खेतों से करीब डेढ़ क्विंटल पराली लोड करके आ रहा था। जब ट्रैक्टर ट्राॅली गांव की फिरनी पर पहुंची तो वहां लगे ट्रांसफार्मर की तारों से पराली गांठें छू गई। इससे शाॅर्ट सर्किट हो गया और पराली ने आग पकड़ ली। चालक ने गंभीरता को समझते हुए ट्रैक्टर ट्राॅली को एक प्लाॅट में ले जाकर खड़ा कर दिया और फायरबिग्रेड को सूचित किया।
प्लाॅट में होने के कारण कोई हादसा होने से बच गया। ऐलनाबाद से दो फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। कुलदीप भादू ने बताया कि उसका लाखों का नुकसान हो गया है और टायर सहित ट्राॅली भी पूरी तरह से जल गई है।