संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने बुधवार को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और प्रशासनिक दायित्वों के सुचारु निर्वहन के लिए कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। इस संबंध में कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार ने आधिकारिक अधिसूचना जारी की।
लोक प्रशासन विभाग के प्रो. सुल्तान सिंह को तीन वर्ष के लिए विभागाध्यक्ष और सामाजिक विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता के रूप में नियुक्त किया गया। इसके साथ ही शिक्षा विभाग की प्रो. रंजीत कौर को तीन वर्ष की अवधि के लिए शिक्षा संकाय की अधिष्ठाता का पद सौंपा गया। भौतिकी विभाग के प्रो. धर्मवीर सिंह को फिजिकल साइंसेज संकाय का अधिष्ठाता नियुक्त किया गया।
वाणिज्य विभाग में प्रो. कपिल चौधरी को तीन वर्ष के लिए विभागाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। वाणिज्य विभाग की एसोसिएट प्रो. डॉ. कमलेश रानी को विश्वविद्यालय की वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन (ओएनओएस) योजना का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया।
कुलपति प्रो. विजय कुमार ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद व्यक्त की कि वे अपने अनुभव और दक्षता का उपयोग कर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रशासनिक कार्यों को और अधिक सुदृढ़ करेंगे। नियुक्ति समारोह में संबंधित विभागों के प्राध्यापकगण और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।