रोड़ी: नई सीवरेज लाइन के निर्माण कार्य के दौरान काम करते कर्मचारी_____संवाद।
खबर का असर: अमर उजाला में खबर छपने के बाद हरकत में आया प्रशासन
फोटो- 44, 45
संवाद न्यूज एजेंसी
रोड़ी। गांव रोड़ी में पिछले दो महीनों से बनी सीवर ओवरफ्लो की समस्या के समाधान की दिशा में आखिरकार कदम उठाया गया है। बुधवार को नई सीवरेज लाइन डालने का काम शुरू कर दिया गया है।
इस मुद्दे को अमर उजाला में 20 फरवरी को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। इसके बाद बुधवार को पंचायत विभाग ने काम शुरू कर दिया है। फिरनी से मलड़ी पुल की ओर जाने वाले मोड़ पर सीवरेज का गंदा पानी करीब 100 मीटर तक सड़क पर जमा हो जाता था। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। कीचड़ और बदबू के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा था। दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी।
नरसी कुमार, सुरेंद्र सिंह, रूष सिंह और रामलाल आदि ने कहा कि दिसंबर 2025 में इस समस्या से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। उस समय संबंधित अधिकारियों की ओर से जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही।
ग्रामीणों का कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लगातार बहते दूषित पानी के कारण संक्रामक रोग फैलने की आशंका भी बनती रहती थी। अब आखिरकार विभाग जागा है और उम्मीद है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान हो जाएगा।