संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां। शहर के नानूआना रोड पर करीब चार एकड़ भूमि में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित खेल स्टेडियम की बदहाल स्थिति को लेकर भाजपा सह जिला मीडिया प्रभारी डॉ. राधेश्याम खुराना सहित भाजपा पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।
कालांवाली में रविवार को आयोजित यूथ मैराथन के दौरान मुख्यमंत्री को सौंपे ज्ञापन में स्टेडियम की मरम्मत करवाने और इसे खेल विभाग के सुपुर्द करने की मांग की गई। डॉ. राधेश्याम खुराना ने बताया कि स्टेडियम का निर्माण पूरा हुए दस वर्ष से अधिक समय बीत चुका है लेकिन अभी तक इसे खेल विभाग को सुपुर्द नहीं किया गया।
देखरेख के अभाव में स्टेडियम की हालत जर्जर हो चुकी है। परिसर में नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है और यहां की कई वस्तुएं चोरी हो चुकी हैं। इससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने के साथ युवाओं के भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
भाजपा जिला सोशल मीडिया प्रभारी वीरेंद्र मलेठिया, मंडल अध्यक्ष सरोज बाला, पूर्व जिला अध्यक्ष शीशपाल कंबोज, रजनी, हरप्रीत सिंह, राजनाथ सहित शहर के खिलाड़ियों ने ज्ञापन के माध्यम से खेल स्टेडियम की मरम्मत, खेल उपकरण, बिजली-पानी, सीसीटीवी कैमरे, मैदान की सफाई, स्टोर रूम तथा लड़के-लड़कियों के लिए अलग-अलग शौचालय व चेंजिंग रूम की व्यवस्था की मांग की गई।
इसके अलावा, चौकीदार, माली, सफाई कर्मचारी और खेल कोच नियुक्त करने तथा पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से रानियां और आसपास के क्षेत्र के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा तथा वे नशे से दूर रहकर अपनी प्रतिभा निखार सकेंगे।