डबवाली। शहरवासी सुभाष अरोड़ा व सेवानिवृत बैंक अधिकारी सुभाष मेहता ने शहर के मध्य स्थित रेलवे फाटक पर अथवा रामलीला मैदान से मसीत के रास्ते पर अंडरपास के निर्माण की वर्षों पुरानी मांग को एक बार फिर उठाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित कई उच्च अधिकारियों को ईमेल द्वारा मांग पत्र प्रेषित किया है।
इस पत्र में विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी मांग का समर्थन करते हुए कहा है कि रेलवे फाटक अक्सर बंद रहने के कारण स्थानीय लोगों के लिए एक बड़ी समस्या लंबे अर्से से बनी हुई है। पत्र में बताया गया है कि कॉलोनी रोड से मेन बाजार जाने वाले सड़क मार्ग पर स्थित यह रेलवे फाटक नंबर 33 शहर के दोनों हिस्सों को जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
डबवाली होकर प्रतिदिन लगभग 50 से 60 रेलगाड़ियां गुजरती हैं, जिसके कारण फाटक हर बार 15 से 20 मिनट तक बंद रहता है। इससे सड़कों पर लंबा जाम लग जाता है और यात्रियों, छात्रों, बुजुर्गों, मरीजों तथा व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यह स्थिति न केवल दैनिक जीवन को प्रभावित करती है बल्कि आर्थिक गतिविधियों में भी बाधा डालती है।
सुभाष अरोड़ा ने पत्र में कहा है कि इस समस्या का एकमात्र स्थायी समाधान रेलवे फाटक पर अथवा रामलीला मैदान से मसीत के रास्ते पर अंडरपास का निर्माण है। यह अंडरपास यातायात को सुगम बनाएगा और डबवाली के लोगों को दशकों से चली आ रही इस परेशानी से मुक्ति दिलाएगा।
इस मांग को वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ, वरच्युस क्लब, रोटरी क्लब, भारत विकास परिषद, अरोड़ा खत्री पंजाबी कम्युनिटी और एपेक्स युवा क्लब मंडी डबवाली सहित कई अन्य संगठनों ने समर्थन करते हुए पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। इन सभी ने मिलकर सरकार से इस गंभीर मुद्दे पर तत्काल ध्यान देने और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।