संवाद न्यूज एजेंसी
बडागुढ़ा। विवाहिता की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हरियाणा व पंजाब से लोगों ने रविवार को बडागुढ़ा थाने का घेराव कर दिया। लोग थाने के सामने टैंट लगा धरना पर बैठ गए। रविवार को मृतका अमृतपाल कौर की अंतिम रस्म थी।
प्रदर्शन में पंजाब व हरियाणा के कई किसान संगठन व नौजवान भारत सभा के सदस्य भी शामिल हुए। वहीं सूचना मिलने पर बडागुढ़ा, रोड़ी व सदर सिरसा पुलिस के अलावा अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। मृतका के पिता गांव थिराज निवासी पूर्व सरपंच सोहन सिंह, किसान नेता लखविंदर सिंह औलख सहित अन्य लोगों ने कहा कि इस हत्याकांड में 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। नौ दिन बीत चुके हैं, लेकिन अमृतपाल कौर का पति बलकौर सिंह सहित चारों आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस किसी दबाव में या किसी सांठ-गांठ के चलते काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर इस मामले में आरोपियों की शीघ्र ही गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे मृतका की अस्थियों को विसर्जित नहीं करेंगे। इस दौरान सदर सिरसा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक देवीलाल ने लोगों के बीच जाकर समझाना चाहा कि किसी को न्याय देने के चलते किसी के साथ अन्याय भी नहीं किया जा सकता। इसके बाद उन्होंने प्रदर्शनकारियों की 25 सदस्यीय कमेटी को बातचीत के लिए बुलाया।
डीएसपी बोले : निर्दोष को कैसे पकड़ लें
डीएसपी सिरसा अजैब सिंह ने 25 सदस्यीय कमेटी से बातचीत की। कमेटी ने कहा कि इस मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार करो। इस पर रोड़ी थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने कहा कि ये कोई सट्टे का पर्चा नहीं है। जो सही आरोपी हैं उन्हीं को गिरफ्तार करेंगे। हत्यारोपी बलकौर सिंह को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। 4 अन्य आरोपियों की तो इस बारे जांच की जा रही है। घटना के समय मृतका की सास की मोबाइल लोकेशन अन्य जगह की है इसलिए उसे कैसे गिरफ्तार कर लें। बातचीत के बाद कमेटी ने 2 और लोगों की गिरफ्तारी की मांग की। इसपर डीएसपी ने कहा कि मृतका के ससुर की ही गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस किसी निर्दोष को नहीं पकड़ेगी। इस मामले में जांच जारी है। अगर वे चाहते हैं तो इस केस को सीआईए को ट्रांसफर कर दिया जाएगा।
मृतका के पिता बोले : न्याय न मिलने तक नहीं करूंगा अन्न ग्रहण :-
मृतका अमृतपाल कौर के पिता सोहन सिंह ने कहा कि जब तक उसकी बेटी को न्याय नहीं मिल जाता तब तक वह अन्न ग्रहण करेगा और न ही उसकी अस्थियों को विसर्जित करेगा। सोहन सिंह ने नम आंखों से बताया कि उसकी बेटी को उसके ससुरालजन काफी समय से प्रताड़ित कर रहे थे। मृतक की बेटी सुखमनदीप ने बताया कि जब उसकी मां की हत्या हुई उस समय वह स्कूल गई हुई थी। उसका पिता अक्सर उन्हें यह कहकर प्रताड़ित करता था कि उसकी मां व बच्चे यहां से चले जाएं। वह दूसरी शादी करवाना चाहता हैं।
ये है मामला
बीती 4 अगस्त को गांव सुखैचन निवासी बलकौर सिंह ने अपनी पत्नी अमृतपाल कौर की सिर में लोहे की राॅड मारकर निर्मम हत्या कर दी थी। इस मामले में बडागुढ़ा पुलिस ने पति बलकौर सिंह, सास सुखविंदर कौर, ससुर बूटा सिंह, रिश्तेदार दर्शन सिंह व चमकोर सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस आरोपी बलकौर सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
वर्जन
इस मामले में मुख्यारोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि उसके पिता को और गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी अन्य को 17 अगस्त को थाने में बुलाकर मामले में शामिल तफ्तीश किया जाएगा। किसी के साथ अन्याय नहीं करेंगे। - अजैब सिंह, डीएसपी (सिरसा)।