एसडीएम को ज्ञापन सौंपते किसान।
- फोटो : Sirsa
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला व बिजली मंत्री चौ. रणजीत सिंह के इस्तीफे की मांग को लेकर वीरवार को किसान संगठन लघु सचिवालय पहुंचे। लघु सचिवालय के सामने किसानों ने करीब पांच मिनट तक सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने डिप्टी सीएम व बिजली मंत्री को चेतावनी दी कि वे उन्हें जनता के बीच नहीं जाने देंगे।
किसानों के लघु सचिवालय पर पहुंचने पर सिरसा के एसडीएम जयवीर यादव आए और किसानों को कहा कि वह उन्हें अपना मांग पत्र उन्हें दे दें। वे उनकी बात सरकार तक पहुंचा देंगे। लेकिन किसान नेता प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा ने डिप्टी सीएम और बिजली मंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि लोगों ने जो प्रतिनिधि चुने थे वे सरकार के साथ मिल गए हैं। किसान जब इन कानूनों के बारे में पूछ रहे हैं तो वे घरों में छुप गए हैं। वे बाहर आएं और बताएं कि यह कानून किसानों के लिए कैसे ठीक है। आज अगर पूरे देश के किसान संगठन इन कानूनों का विरोध कर रहे हैं तो चौ. देवी लाल के वंशज इन्हें कैसे अच्छा कह सकते हैं। एसडीएम जयवीर यादव ने ज्ञापन लेते हुए कहा कि किसान मास्क लगाकर रखें व सामाजिक दूरी का पालन करें। जिस पर किसानों ने जवाब दिया कि सरकार ने मास्क पहले लगा लिए जो अपना मुंह ही बंद कर लिया। वहीं किसानों ने कहा कि डिप्टी सीएम और बिजली मंत्री के इस्तीफे की वे अपील नहीं कर रहे, बल्कि आदेश है कि वह किसानों का समर्थन करें और पद त्याग दें। क्योंकि इस सरकार ने किसानों से किसानी और रोटियां छीन ली है अब वह मास्क क्यों लगाएं। वहीं किसानों ने नेताओं को एक चेतावनी भी दी कि वे नेताओं को जनता के बीच नहीं आने देंगे। क्योंकि उन्होंने वोट देकर इन्हें चुना है तो वह बात भी सुने।