सिरसा। स्थानीय छात्र नेताओं ने चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू) के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई को मांगपत्र सौंपकर विद्यार्थियों की समस्याएं सुलझाने की मांग की। छात्र नेता विजय अरोड़ा ने कुलपति को बताया कि पूर्व कुलपति के कार्यकाल में विवि में परीक्षा शाखा एवं भर्तियों में भारी गड़बड़ी कर विद्यार्थियों की अनदेखी की गई है। इस आरोप की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
सीडीएलयू का नियम है कि एक कोर्स करने पर विद्यार्थियों को दोबारा दाखिला नहीं मिलेगा। सीडीएलयू में 32 वर्ष से अधिक उम्र में दाखिला नहीं मिलता। विवि में पुनर्मूल्यांकन का नियम है कि जिस परीक्षार्थी के प्राप्तांक 15 प्रतिशत से अधिक बढ़ते हैं, तो उत्तरपुस्तिका को दूसरे पुनर्मूल्यांकन के लिए भेजा जाता है। बढ़ाए गए अंक में 50 प्रतिशत कटौती की जाती है। विवि से डुप्लीकेट डीएमसी, डिग्री, डिप्लोमा, सर्टिफिकेट बनवाने के लिए प्रति कॉपी 7,000 रुपये आवेदन शुल्क बहुत अधिक है। इन विसंगतियों को सुधारा जाए।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि विवि में एक भवन का नाम शहीद निशान सिंह भावदीन के नाम पर रखा जाए। हॉस्टल के किनारे की सड़क को सुधारा जाए। विवि के सभी शौचालयों की पाइपों को ठीक कर सफाई बढ़ाई जाए।
विधि विभाग में कंप्यूटर लैब को पुन: सक्रिय किया जाए। विधि संकाय में लगे सफेद बोर्ड की स्थिति सुधारी जाए। विद्यार्थियों के बैठने के लिए नई बेंच लगाई जाए। कुलपति प्रो. बिश्नोई ने कहा कि जल्द ही विद्यार्थियों की समस्याओं को सुलझाया जाएगा।