सिरसा। गुलाबी सूंडी व बेमौसमी बारिश के कारण खराब फसलों के मुआवजे की मांगों को लेकर हरियाणा किसान मंच की ओर से 28 जनवरी से लघु सचिवालय में पक्का मोर्चा लगाया जाएगा। इसी को लेकर हरियाणा किसान मंच की टीम ने शनिवार को जिले के कालांवाली, झोरड़रोही, कुरंगावाली, कमाल, पक्का शहीदां, दादू, सिंघपुरा सहित अनेक गांवों का दौरा कर अधिक से अधिक किसानों का पहुंचने का आह्वान किया।
हरियाणा किसान मंच के प्रदेशाध्यक्ष प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा के कहा कि गुलाबी सूंडी व बेमौसमी बारिश के कारण किसानों की लगभग फसलें चौपट हो गई थी। जिसका सरकार ने अभी तक मुआवजा नहीं दिया है। मुआवजे को लेकर वह कई बार प्रशासन के माध्यम से सरकार को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। भारूखेड़ा ने कहा कि बार-बार अवगत करवाने के बाद भी सरकार व प्रशासन ने उनकी समस्याओं के प्रति कोई गंभीरता नहीं दिखाई। जिसके चलते मजबूरन उन्हें पक्का मोर्चा लगाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों की समस्याओं का हल नहीं होता, वे यहां से टस से मस नहीं होंगे। इस मौके पर सतपाल सिंह सिरसा, लखा सिंह अलीकां, गुरदीप सिंह बाबा, जरनैल अलीकां, नैब मलड़ी, अनिल चामल आदि उपस्थित रहे।
किसानों की ये हैं प्रमुख मांगे
-गुलाबी सूंडी से खराब हुई नरमे की फसल का मुआवजा दिया जाए व बकाया बीमा क्लेम की राशि भी दी जाए।
-नहरी पानी में कटौती करके महीने में सात दिन चलाई जा रही हैं, जबकि पहले 15 दिन चलती थी।
-किसानों के ट्यूबवेल के कनेक्शन जारी किए जाएं।
-हाल ही में यूरिया खाद की कमी के कारण किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें यूरिया उपलब्ध करवाई जाए।
- बुढ़ापा पेंशन में कटौती की जा रही है, जिन लोगों की पेंशन बंद की गई है, उसे पुन: बहाल किया जाए।
- आंगनबाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर, पीटीआई अध्यापकों की मांगों को पूरा किया जाए।
- पक्के खाल बनाने पर फव्वारा सिस्टम की शर्तों को हटाया जाए।