गांव नुहियांवाली में शौचालय की खुदाई करती जेसीबी मशीन।
- फोटो : Sirsa
ओढां। गांव नुहियांवाली में बीती रविवार रात्रि 31 वर्षीय एक युवक शौचालय में गिर गया। शोर मचाए जाने के बाद लोगों ने युवक को निकालने की काफी कोशिश की। इसके बाद दो जेसीबी मशीन की सहायता से बचाव कार्य शुरू किया। जब तक युवक को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की करीब डेढ़ वर्ष पूर्व ही शादी हुई थी।
जानकारी मुताबिक गुरप्रीत उर्फ विक्की बीती रात्रि करीब 10 बजे अपने घर के बाहर बने शौचालय में शौच के लिए गया था। इसी दौरान अचानक शौचालय का पत्थर धंसने की वजह से कुई के अंदर जा गिरा। शोर सुनकर परिजन बाहर आए और लोगों को एकत्र किया। लोगों ने युवक को बचाने की काफी कोशिश की। वहीं, सूचना मिलने पर ओढां थाना प्रभारी कर्ण सिंह टीम सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दो जेसीबी मशीन की सहायता से बचाव कार्य शुरू किया। मशीनों ने करीब डेढ़ घंटे तक शौचालय के पास खुदाई करते हुए युवक को बाहर निकाला। युवक को ओढां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृतक घोषित कर दिया। पुलिस ने सोमवार सुबह पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक मजदूरी करता था। एसआई मदनलाल ने बताया कि मृतक के भाई राजकुमार के बयान पर इत्तेफाकिया घटना की कार्रवाई दर्ज की है।