फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: जानलेवा स्पीड ब्रेकर...गति थामने की जिद में थम रहीं सांसें, हादसे के बाद जागा प्रशासन, आनन-फानन में तोड़ा स्पीड ब्रेकर

Sun, 07 Jun 2026 10:37 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा
विज्ञापन
सिरसा में हादसे के बाद रात में ही स्पीड ब्रेकर को तोड़ता जेसीबी चालक। 
विज्ञापन
सिरसा। हिसार रोड पर नियमों को ताक पर रखकर बनाए अवैध स्पीड ब्रेकर वाहन चालकों के लिए जानलेवा बन चुके हैं। रोड सेफ्टी के मानकों की धज्जियां उड़ाकर पूरे मार्ग पर बेतरतीब ब्रेकर बिछा दिए गए हैं। ऐसे ही एक ब्रेकर के कारण शुक्रवार को गांव कोटली के रणजीत सिंह (22) की जान चली गई। हादसे के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने शनिवार रात को नियमों की अनदेखी कर बनाए ब्रेकर को तुड़वा तो दिया लेकिन हादसे ने रणजीत की मौत के लिए जिम्मेदार कौन और प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विज्ञापन

इस रोड पर स्थित एक नामी मैरिज पैलेस (रिसोर्ट) के पास करीब एक महीने पहले वीडियोग्राफी के दौरान एक कार की टक्कर से फोटोग्राफर की मौत हो गई थी। इसके बाद रसूखदारों ने राजनीतिक और प्रशासनिक दबाव बनाकर नियमों के विरुद्ध यहां तीन लगातार खतरनाक ब्रेकर बनवा दिए। आनन-फानन में लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने न इसकी ऊंचाई देखी और न ही चौड़ाई। नियमित गश्त करने वाली ट्रैफिक पुलिस ने भी अवैध निर्माण को नहीं रोका जिसके कारण बीते 15 दिनों में यहां 10 से 15 दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इससे लोगों में रोष है। वहीं हिसार पुल से लेकर सिरसा बस स्टैंड तक 16 से ज्यादा खतरनाक ब्रेकर बने हैं।
पंचायत ने पहले ही दी थी चेतावनी अब मुआवजे की मांग
ग्रामीणों के अनुसार जब यह ब्रेकर बनाया जा रहा था तब गांव बाजेंका की पंचायत ने विरोध जताया था। उस समय पुलिस प्रशासन ने रोड सेफ्टी का हवाला देकर ग्रामीणों को शांत करा दिया था। अब इस लापरवाही के कारण एक बेकसूर युवक की जान चली गई है जिससे आसपास के गांवों में भारी आक्रोश है। ग्रामीण अब रणजीत सिंह के परिवार के लिए मुआवजे की मांग कर रहे हैं। वहीं अवैध रूप से बनाए स्पीड ब्रेकर्स को हटाने के लिए बाजेंका पंचायत सोमवार को उपायुक्त को ज्ञापन सौंपेगी। मांग पूरी न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।
विज्ञापन

स्पीड ब्रेकर के मानक
ऊंचाई व लंबाई :
नियमानुसार स्पीड ब्रेकर की ऊंचाई 10 सेंटीमीटर और लंबाई 3.5 मीटर होनी चाहिए ताकि वाहन की गति सुरक्षित रूप से 20-25 किमी प्रति घंटा कम हो सके।
रिफ्लेक्टर व सफेद पट्टी :
रात के अंधेरे में साफ दिखने के लिए ब्रेकर पर थर्मोप्लास्टिक पेंट से सफेद पट्टियां और रिफ्लेक्टर लगाना अनिवार्य है।
चेतावनी बोर्ड : चालक को सचेत करने के लिए स्पीड ब्रेकर से ठीक 40 मीटर पहले सड़क किनारे चेतावनी बोर्ड होना जरूरी है। इन नियमों के बिना बना हर ब्रेकर गैर-कानूनी है।

हम पहले दिन ही इस बेतरतीब ब्रेकर का विरोध कर रहे हैं लेकिन पुलिस ने रोड सेफ्टी की बात कहकर हमें रोक दिया। आज प्रशासन की इसी लापरवाही से कोटली के युवक की मौत हुई है। बाजेंका तक बने सभी अवैध ब्रेकर्स को हटाने के लिए सोमवार को डीसी को ज्ञापन देंगे। यदि कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण बड़ा आंदोलन करेंगे। पीड़ित परिवार को मुआवजा मिलना चाहिए। - राजेंद्र सिंह, सरपंच, बाजेंका
-
निजी रिसोर्ट के सामने हुए पिछले हादसे के बाद वहां ब्रेकर बनाने की मांग उठी थी। कर्मचारियों ने तकनीकी रूप से गलत ब्रेकर बना दिया था जिसकी जानकारी मिलते ही अब उसे वहां से पूरी तरह हटवा दिया गया है। - संजय सभ्रवाल, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी (बीएंडआर)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें