फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दाई घर पर करा रही थी गर्भपात, पकड़ा

Tue, 16 Feb 2016 01:31 AM IST
ब्यूूराे/अमर उजाला/सिरसा
विज्ञापन
विज्ञापन
तमाम कोशिशों के बावजूद बेटियों के कत्ल का सिलसिला जारी है। एक दाई अपने ही घर पर इस कुकृत्य को अंजाम दे रही थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बाईपास स्थित दाई के घर पर छापा मारकर वहां से गर्भपात में प्रयुक्त होने वाली दवाइयां, किट और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। टीम की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी हैं।
विज्ञापन


जिला औषधि निरीक्षक डॉ. संदीप गहलान ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त क्षेत्र में रहने वाली दाई किरण गर्भपात करवाती हैं। जिसके बाद उपायुक्त शरणदीप कौर बराड और सीएमओ सूरजभान कंबोज के निर्देश पर दाई के घर पर छापा मारने के लिए डॉ. संदीप गहलान, डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश चौधरी, डॉ. रुचिका की टीम गठित की गई। इस टीम ने एएसआई रघुबीर सिंह व महिला हवलदार सुशीला के साथ मिलकर दाई किरण के घर पर छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान उसके घर से गर्भपात जांच करने वाली छह एमपीटी किट बरामद की। जिसमें से दो किट प्रयोग की हुई थीं।

इसके अलावा 23 प्रकार की दवाइयां व उपकरण जो कि मेडिकल प्रेक्टिस व गर्भपात में प्रयोग होती हैं बरामद की गईं। उन्होंने बताया कि दाई के घर से करीब ढाई महीने की गर्भवती महिला सहित दंपति को भी पकड़ा गया हैं। जिसके पहले से दो लड़कियां हैं। उन पर भी शक हैं कि वे गर्भपात के बारे में जानकारी लेने आए थे। अभी उनसे पूछताछ जारी हैं। उन्होंने बताया कि दाई किरण के पास किसी प्रकार की डिग्री भी नहीं थी।
विज्ञापन


इस संबंध में डॉ. राजेश चौधरी ने बताया कि सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान चलाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं इसके बावजूद इस गोरख धंधे में शामिल लोग इस सामाजिक कुरीति को छोड़ना नहीं चाह रहे। सरकार व हाईकोर्ट इस गोरखधंधे के खिलाफ काफी सख्त हैं।

जो भी इस धंधे में शामिल होगा उसे किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया है कि वह झोलाछाप डॉक्टरों से सचेत रहे और अपने स्वास्थ्य की जांच सरकारी अस्पताल व रजिस्टर्ड चिकित्सक से करवाए। वहीं डॉ. संदीप गहलान ने पुलिस को शिकायत देकर दाई किरण के खिलाफ मामला दर्ज करने की सिफारिश करते हुए कड़ी कार्रवाई करने की मांग की हैं।


इस संबंध में एएसआई रघुबीर सिंह ने बताया कि डॉ. संदीप गहलान की शिकायत पर दाई किरण के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं। उसे मंगलवार को डबवाली कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा। ताकि इस धंधे में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी पता लगाया जा सके।


नकली चिकित्सक चला रहे स्वास्थ्य शिविर, काबू
ओढ़ां (ब्यूरो)। गांव चोरमार में गुरुद्वारा साहिब के पीछे नकली चिकित्सक तीन दिन से स्वास्थ्य जांच शिविर चला रहे थे। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे एक महिला सहित दो लोगों को काबू किया है। नकली चिकित्सकों की पहचान मनप्रीत कौर निवासी सिंघपुरा व परविंद्र सिंह निवासी फूसमंडी पंजाब के रूप में हुई है।


सोमवार सुबह सीएमओ सिरसा को सूचना मिली कि गांव चोरमार में नकली डॉक्टर कैंप लगाकर लोगों को ठग रहे हैं। उन्होंने तुरंत ओढ़ां में कार्यरत डॉ. सुमित जैन व रवि कुमार की टीम गठित करके उन्हें चोरमार भेजा। टीम ने चोरमार जाकर नकली चिकित्सकों से पूछताछ की तो वो घबरा गए और खिसकने लगे। टीम ने पुलिस को सूचना दी और उनसे लैपटॉप, चाइना मशीन व दवाइयां बरामद कर ली।

वे उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओढ़ां में ले आए। इसी दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. वीरेश भूषण मौके पर पहुंचे और बरामद दवाइयों, मशीन व अन्य सामान को सील किया। डॉ. वीरेश भूषण ने बताया कि आरोपियों के पास कोई डिग्री नहीं है तथा वे लोगों से स्वास्थ्य जांच के नाम पर चार चार सौ रुपये ठग रहे थे। वे दवाइयों के पैसे अलग से ले रहे थे। स्वास्थ्य टीम ने अपनी कार्रवाई पूरी करके दोनों नकली चिकित्सकों को पुलिस के हवाले कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें