डबवाली। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डबवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में आरोपी बुध सिंह, संदीप सिंह, बलकरण और हरबंस सिंह से हेरोइन, प्रतिबंधित नशीली गोलियां और डोडा चूरा पोस्त बरामद किया।
सीआईए स्टाफ कालांवाली प्रभारी पीएसआई सतपाल सिंह ने बताया कि टीम दादू रोड मंडी कालांवाली क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान संदिग्ध बुध सिंह को काबू कर तलाशी ली गई जिसके कब्जे से 2.930 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना कालांवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
सीआईए स्टाफ डबवाली ने प्रतिबंधित नशीली गोलियों की तस्करी के मामले में मुख्य आरोपी संदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 16 जुलाई को गांव मसीतां से गुरजीत सिंह को गिरफ्तार कर 30 ट्रामाडोल, 500 टेपेंटाडोल गोलियां और 900 प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद किए थे। पूछताछ में नशीली दवाएं संदीप द्वारा उपलब्ध करवाने की बात सामने आई थी।
थाना कालांवाली पुलिस ने डोडा चूरा पोस्त बरामदगी मामले में वांछित बलकरण सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर से 4 किलो 895 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। ओढ़ां पुलिस ने डोडा पोस्त तस्करी मामले के मुख्य आरोपी हरबंस सिंह को गिरफ्तार किया है। इससे पहले एएनसी स्टाफ डबवाली ने गांव किंगरे से सरजीत सिंह को 1 किलो 610 ग्राम डोडा पोस्त सहित पकड़ा था। पूछताछ में हरबंस का नाम सामने आया था।