संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। हरियाणा को नशे से मुक्त करने के उद्देश्य से शुरू की गई साइक्लोथॉन यात्रा को जनसामान्य का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। “एक साइकिल यात्रा नशा मुक्ति के नाम” थीम पर आधारित यह यात्रा 5 अप्रैल को हिसार से शुरू हुई थी और अब तक 43,000 से अधिक लोग इसमें पंजीकरण कर चुके हैं। यह यात्रा 26 अप्रैल को सिरसा जिले में प्रवेश करेगी, जहां इसका भव्य स्वागत किया जाएगा। यात्रा का समापन 27 अप्रैल को सिरसा में ही किया जाएगा।
जिला प्रशासन यात्रा के स्वागत और सुचारू संचालन के लिए तैयारियों में जुटा है। विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को नशे के खिलाफ जागरूक किया जाएगा। सिरसा के उपायुक्त शांतनु शर्मा ने बताया कि इस साइक्लोथॉन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करना और हरियाणा को नशा मुक्त बनाना है। यह यात्रा प्रदेशभर में जन-भागीदारी से एक सामाजिक परिवर्तन की मिसाल बन रही है। उन्होंने सभी नागरिकों, स्कूलों, कॉलेजों, एनजीओ, केमिस्ट एसोसिएशन, नशा मुक्ति केंद्रों और ड्रग फ्री गांवों के सरपंचों से इस मुहिम में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।
10 विजेता प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार, हर प्रतिभागी मिलेगा ई-प्रमाण पत्र
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने बताया कि इस साइकिल यात्रा के पहले स्थान पर आने वाले प्रतिभागी को एक शानदार साइकिल के साथ 2100 रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा। वहीं दूसरे स्थान पर आने वाले को 7100 रुपये, तीसरे को 6100 रुपये, चौथे को 5100 रुपये, पांचवें को 4100 रुपये और छठे व सातवें स्थान पर आने वालों को 3100-3100 रुपये दिए जाएंगे। इसी तरह आठवें से दसवें स्थान तक आने वाले प्रतिभागियों को भी 2100-2100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा इस साइकिल यात्रा में पंजीकरण कराने वाले हर प्रतिभागी को ई-प्रमाण पत्र भी प्राप्त होगा।
ऐसे करवाएं पंजीकरण
उपायुक्त ने बताया कि साइक्लोथॉन में हिस्सा लेने के लिए आनलाइन पंजीकरण करवाना अनिवार्य है और यह प्रक्रिया बहुत ही सरल है। इच्छुक प्रतिभागी हरियाणा उदय पोर्टल (https://uday.haryana.gov.in/AntiDrug_Cyclothon) पर जाकर या दिए गए स्कैनर से पंजीकरण कर सकते हैं।