सिरसा। रानियां के ढाणी लहरांवाली के निजी स्कूल के छात्र पर आठ दिन पहले हुए हमले के मामले में सीडब्लयूसी (चाइल्ड वेल्फेयर कमेटी) ने संज्ञान लेते हुए स्कूल को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। वहीं सीडब्ल्यूसी के चेयरमैन डॉ. मदन वर्मा ने पूरे घटनाक्रम की जांच करने के लिए अलग से कमेटी का गठन कर दिया है।
थाना प्रभारी गुरमिंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित बच्चे नवदीप सिंह के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अपनी जांच पूरी कर जल्द ही रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज देगी। अधिकारियों के अनुसार, छात्र पर हमले मामले में विशेष कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी छात्र से संपर्क हर चीज की बारीकी से जांच कर रही है। हर पहलू की गहनता से जांच करने के बाद अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
परिजनों की मांग, दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई
पीड़ित अमरीक सिंह ने बताया कि 31 दिसंबर 2025 को उसके बेटे नवदीप पर हमला किया गया, जिसमें उसके सिर पर चोटें आईं और पगड़ी बिखर गई पूरा शरीर लहूलुहान हो गया। घटना के बाद उन्होंने विद्यालय में पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज दिखाने की मांग की, लेकिन विद्यालय प्रशासन ने फुटेज दिखाने से मना कर दिया। इसी बात पर उन्हें शक हुआ। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं ढाणी लहरांवाली के स्कूल में नाबालिग छात्रा पर हुए हमले के मामले में पीड़ित परिवार पर लगातार समझौते का दबाव बनाया जा रहा हैं। यही कारण है कि छात्र का परिवार भयभीत है।
-
पूरे घटनाक्रम पर स्कूल को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है। इस मामले में निष्पक्ष जांच की जाएगी। जो दोषी है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. मदन वर्मा, चेयरमैन, सीडब्ल्यूसी