पुराने नोटों की मान्यता समाप्त होने के बाद 100, 50 तथा 20 के नोट पाने के लिए लोग वीरवार को बैंक खुलने से पहले ही जुटना शुरू हो गए। देर शाम तक बैंकों में लंबी कतारें लगी रही। कई जगह पर कैश न होने की वजह से लोगों को मायूसी हुई। चौटाला रोड स्थित सेंट्रल बैंक में हजारों रुपये की राशि निकलने के बाद पुलिस अलर्ट हुई।
लाईव रिपोर्ट :
हाथों में 500-1000 के नोट लेकर लोग बैंकों में कतारों में खड़े हैं। घरेलू कार्यों के लिए अधिकतर लोग करेंसी एक्सचेंज करने पहुंचे हैं। यूको बैंक में कैश न होने की वजह से एक्सचेंज नहीं हो रहा। सिर्फ कैश जमा हो रहा है। चौटाला रोड पर स्थित निजी बैंकों में कुछ राहत मिल रही है। लोगों को 100-100 के नोट मिल रहे हैं। भारतीय स्टेट बैंक में अन्य बैंकों से ज्यादा लोग जुटे हुए हैं। इनमें खासकर बुजुर्ग तथा सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। वे पैसा एक्सचेंज करने पहुंचे हैं। बैंक ने दो काउंटर लगा रखे हैं। 500 या 1000 के नोट पर 100 या 50 नहीं बल्कि 20-20 रुपये की गड्डी दी जा रही है। हालांकि लोग बैंक कर्मचारियों से 100-100 के नोट की मांग कर रहे हैं। कार्य का बोझ अधिक होने के कारण कर्मचारी उपरोक्त नोट ही एक्सचेंज कर पा रहे हैं। दोपहर बाद 12 बजे तक निजी बैंकों ने पीएम नरेंद्र मोदी की घोषणा के अनुरूप बगैर खाता धारक से आईडी लेकर 4000 रुपये एक्सचेंज किए। कैश कम होने पर 2000 रुपये एक्सचेंज करने लगे।
सॉफ्टवेयर से नजर रख रही सरकार
आईडी प्रूफ के आधार पर बैंक से पैसा एक्सचेंज कर ले जाने वाले व्यक्ति पर सरकार एक सॉफ्टवेयर के जरिए नजर रख रही है। जैसे ही उपभोक्ता एक्सचेंज के लिए अपना आईडी प्रूफ बैंक में जमा करवाता है तो उसे सॉफ्टवेयर पर पंच किया जाता है। एक्सचेंज किए गए पैसों सहित पूरी डिटेल सरकार तक पहुंच जाती है।
हो रही है वीडियोग्राफी
सरकार के आदेशों के बाद बैंक लेनदेन करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की वीडियोग्राफी करवा रहा है। इसके लिए प्रत्येक बैंक में स्पेशल काउंटरों की व्यवस्था है। काउंटर के ऊपर वीडियो कैमरा फिट किया गया है। वीडियोग्राफी सरकार तक भेजी जाएगी।
एटीएम नहीं निकालेगा नई करेंसी
आने वाले दिनों में लोगों को एटीएम से राहत मिलने की उम्मीद नहीं होगी। चूंकि एटीएम से महज 100-100 के नोट निकलेंगे। नई करेंसी के 500 या 2000 के नोट नहीं निकलेंगे। विशेषज्ञ बताते हैं कि एटीएम मशीनों में तीन तरह की ट्रे होती हैं। 100, 500 तथा 1000 की। 500 के नए नोट अभी बैंकों में नहीं आए हैं। 1000 के नोट की मान्यता समाप्त हो गई है। ऐसे में 100-100 के नोट एटीएम से निकलेंगे। एक दिन में 2000 रुपये निकाले जा सकते हैं।
आज मिल सकते हैं 2000 के नोट
एटीएम में 2000 के नोट निकलने की क्षमता न होने पर बैंकों में नई करेंसी का 2000 का नोट मिलेगा। बैंकों को जारी हुए पत्र में कहा गया है कि 500 के नोट से पहले बैंकों में 2000 रुपये का नोट आएगा। सरकार के आदेशानुसार बैंक तैयारियों में जुटे हुए हैं।
जेब से निकल गए 24 हजार
चौटाला रोड पर स्थित सेंट्रल बैंक में पैसा जमा करवाने आए गांव हैबूआना निवासाी सुरेश कुमार की जेब से अज्ञात व्यक्ति 24 हजार रुपये की नकदी चुरा ले गए। शिकायतकर्ता के अनुसार वह कालोनी रोड स्थित एक आरा पर मुनीम है। आरा मालिक अशोक चलाना के बैंक खाता में उपरोक्त राशि जमा करवाने के लिए आया था। बाउचर उसकी जेब में रखा रहा। कोई उसकी नकदी चुरा ले गए।
डीएसपी ने लिया जायजा
वारदात के बाद डीएसपी सत्यपाल यादव ने बैंकों में सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। एक निजी बैंक में वे कतार में खड़े लोगों को नकदी की हिफाजत करने के गुर बताते नजर आए। डीएसपी के जायजे के बाद प्रत्येक बैंक के आगे पुलिस तैनात हो गई।