स्थानीय नेशनल हाईवे स्थित कोआपरेटिव बैंक परिसर में खड़ी एक गाड़ी को उसमें रखी साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी सहित अज्ञात लोक लेकर फरार हो गए। डीएसपी डबवाली सत्यवान और सीआइए स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की।
गाड़ी मालिक नुहियांवाली निवासी अशोक कुमार ने बताया कि वह सोमवार ढाई बजे जमीन की रजिस्ट्री करवाने के लिए नो ड्यूज लेने आया था।
उसके पास साढ़े छह लाख रुपये थे। तीन लाख रुपये लेकर बैंक में चला गया और साढ़े तीन लाख रुपये अपनी गाड़ी में ही छोड़ दिया था।
बैंक में पता चला कि उसे तीन लाख 56 हजार रुपये देने है। उसने फोन पर निवर्तमान सरपंच प्रतिनिधि हनुमान नेहरा को 56 हजार रुपये लेकर बैंक आने को कहा।
कुछ समय बाद जब हनुमान नेहरा वहां पहुंचा तो उसने उसे बैंक से बाहर गेट पर आकर रुपये लेने को कहा। जब वो बैंक से बाहर आया तो उसने देखा कि उसकी गाड़ी गायब थी।
यह देख उसके होश उड़ गए और उसने सब को यह बात बताई। मौके पर मौजूद पूर्व सरपंच रामकुमार नेहरा ने पुलिस को सूचित किया।
सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ करने पर पता चला कि गाड़ी डबवाली की ओर गई है। पुलिस ने वायरलेस पर सूचना जारी कर गाड़ी का पीछा किया लेकिन पता नहीं चला।
इसके बाद डीएसपी डबवाली सत्यवान व सीआइए स्टाफ मौके पर पहुंचा। पुलिस अशोक कुमार से पूछताछ करते हुए मामले की जांच कर रही है।