दिन दिहाड़े चोर तहसीलदार नौरंग दास के क्वार्टर में घुसकर नगदी चुरा ले गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार वीरवार को तहसीलदार नौरंग दास एक बैठक में भाग लेने के लिए सिरसा गए हुए थे। बैठक के बाद वे सीधा अपने कार्यालय में आ गए। काम निपटाने के बाद करीब साढ़े पांच बजे अपना क्वार्टर संभाला तो गेट का ताला टूटा हुआ मिला। बेडरूम में स्थित अलमारी पर लगा लॉक टूटा हुआ था। अटैची में पड़ा कैश गायब था। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौका पर पहुंची पुलिस ने वारदात स्थल का मुआयना किया।
साथ वाले क्वार्टर में रहते हैं जज
तहसीलदार के ठीक साथ में न्यायिक दंडाधिकारी (प्रथम श्रेणी) विशेष गर्ग का क्वार्टर है। छुट्टियां होने के कारण वह भी सूना पड़ा हुआ था। इसके अतिरिक्त अन्य अधिकारियों तथा कर्मचारियों के क्वार्टर भी पास हैं। ऐसे में सरेआम सरकारी क्वार्टर में घुसकर नकदी उड़ा ले जाना चुनौती से कम नहीं।
एडीओ के क्वार्टर में भी हुई थी चोरी
एडीओ के क्वार्टर में हुई थी चोरी तहसीलदार की कोठी के पीछे स्थित कृषि विभाग कार्यालय के क्वार्टरों में रह रहे एडीओ सुनील कुमार के घर भी चोरी हुई थी। चोर काफी सामान चुरा ले गए थे। उस समय भी चोर दीवार फांदकर घुसे थे। पुलिस आज तक चोरी का सुराग नहीं लगा पाई है। इससे पहले अदालत परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी अज्ञात चोर चुरा ले गए थे। यह चोरी आज तक पुलिस के लिए रहस्य बनी हुई है।
दीवारें छोटी हैं
हुडा कॉलोनी के नजदीक से गुजरती रोड काफी ऊंची उठी हुई है। जिसकी वजह से लघु सचिवालय की दीवारें छोटी हो गई हैं। कोई भी आराम से आवासीय कालोनी में प्रवेश पा सकता है। कालोनी की सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम भी नहीं है।
हमें देर-सवेर बैठकों में भाग लेने या फिर अन्य कार्य के लिए फील्ड में जाना पड़ता है। पीछे से क्वार्टर सूने रहते हैं। सुरक्षा के लिए कॉलोनी में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था होनी चाहिए। हम सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग करेंगे।
-नौरंग दास, तहसीलदार, डबवाली