चौटाला पुलिस ने दस दिन बाद पोस्टमैन हनुमान की बड़ी बेटी महक उर्फ शिक्षा का शव बरामद कर लिया है। मंगलवार को डबवाली के सरकारी अस्पताल से पोस्टमार्टम के बाद शव उसके वारिसों को सौंप दिया।
डबवाली डाकघर में कार्यरत पोस्टमैन हनुमान 13 फरवरी को एकाएक अपने परिवार तथा पड़ोसी युवती के साथ घर से गायब हो गया था।
राजस्थान कैनाल की पटरी पर बाइक खड़ी मिलने पर परिजनों ने नहर में कूदकर आत्महत्या करने का संदेह जताया था। गांव मसीतां हेड से पोस्टमैन तथा पड़ोसी युवती प्रियंका का शव मिलने के बाद पुलिस ने उनके नहर में कूदने की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस को उसकी साढ़े तीन वर्षीय बेटी पलक का शव बरामद हुआ।
पुलिस उसकी बहन महक उर्फ शिक्षा तथा मां राजबाला के शव को तलाश कर रही थी। दस दिन बाद सोमवार देर शाम को साढ़े पांच वर्षीय महक का शव बरामद हुआ। जिसकी पहचान पोस्टमैन के भाई राहुल तथा चंद्रमोहन ने अपनी भतीजी के रूप में की।
पुलिस ने चंद्रमोहन का बयान दर्ज कर मंगलवार को डबवाली के सरकारी अस्पताल से शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे उसके वारिसों को सौंप दिया।
गौरतलब है कि पुलिस ने उपरोक्त मामले में पोस्टमैन के भाई राहुल के बयान पर आठ ग्रामीणों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज किया था।
राहुल का कहना है हनुमान तथा प्रियंका एक-दूसरे को भाई-बहन मानते थे। कुछ ग्रामीण उनके रिश्ते पर ताने कसते थे। इससे मजबूर होकर उन्होंने उपरोक्त कदम उठाया।
राहुल के खुलासे के बाद आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सका था। आईओ हंसराज ने बताया कि अब तक चार शव बरामद हो चुके हैं। हनुमान की पत्नी राजबाला की तलाश जारी है।