सस्ते इलाज का दम भरने वाले झोलाछाप प्रेक्टिस की आड़ में किस तरह से नशा बेच रहे है इसका एक उदाहरण बड़ागुढ़ा थाना क्षेत्र के गांव रघुआना में देखने को मिला। जहां पुलिस व स्वास्थ्य विभाग ने छापेमारी कर एक झोलाछाप से काफी मात्रा में नशीली दवाइयां और एक्सपायर दवाइयां बरामद की है।
जानकारी मुताबिक बड़ागुढ़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि रघुआना निवासी झोलाछाप परमजीत सिंह प्रेक्टिस की आड़ में नशीली दवाइयों की ब्रिकी करता है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी गोपाल राम ने आरोपी को गांव से धर दबोचा, जहां पुलिस ने उसके पास बैग से नशीली दवाइयां बरामद कीं। सूचना पाकर डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश चौधरी ने मौके पर पहुंच कर आरोपी से प्रेक्टिस का लाइसेंस मांगा तो वह पेश नहीं कर सका।
विभागीय अधिकारी को उसकी दुकान से तलाशी के दौरान 41 तरह की दवाइयां, इलाज में प्रयुक्त औजार, काफी मात्रा में एक्सपायर दवाइयां और प्रयोग की गई सिरिंज बरामद की हैं जो एक से अधिक बार प्रयोग किए बताए जा रहे हैं। इसके अलावा अधिकारी ने उसकी दुकान से दवाओं की वॉयल भी बरामद की है जिन पर रेपर भी नहीं पाए गए।
डॉ. चौधरी की शिकायत पर पुलिस झोलाछाप परमजीत को हिरासत में लेकर थाने में ले आई। जहां उसके पास से मिले दवाइयों के डिब्बों की जांच की गई तो उसमें से हजारों नशीली गोलियां बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी आरोपी झोलाछाप के खिलाफ बिना डिग्री और अनुमति के लोगों का इलाज कर उनके स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने के आरोप में केस दर्ज कराया है।
ये हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से 840 और 380 अलग-अलग प्रकार की नशीली गोलियां बरामद की हैं, जिस पर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई दर्ज की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने उसके पास से बिना विभागीय अनुमति और डिग्री के लोगों का इलाज करने के लिए मौजूद विभिन्न तरह की दवाइयां, कुछ मशीनें और एक्सपायर दवाइयां तथा प्रयोग की गई काफी सिरिंज बरामद की है जिसके आरोप में विभाग ने उसके खिलाफ कार्रवाई दर्ज की है।
आरोपी की दुकान से काफी मात्रा में दवाइयां, इलाज में प्रयुक्त होने वाली मशीनें, बच्चों के इलाज में प्रयोग की जाने वाली दवाइयां बरामद की हैं। इसके अलावा एक्सपायर दवाइयां और एकाधिक प्रयोग की गई काफी सिरिंज बरामद की है जिससे बीमारियां फैलने का खतरा होता है तथा कुछ ऐसी दवाइयां भी हैं जिन पर रैपर भी नहीं है। आरोपी के खिलाफ इंडियन मेडिकल काउंसलिंग एक्ट के तहत कार्रवाई दर्ज की जाएगी।
- डॉ.राजेश चौधरी, डिप्टी सीएमओ सिरसा।
आरोपी से 1220 नशीली गोलियां बरामद की है जिसके चलते एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
- गोपाल राम थाना प्रभारी बड़ागुढ़ा