भ्रूण लिंग जांच गिरोह से जुड़े पांचवें आरोपी गांव जमाल निवासी 24 वर्षीय रामकुमार उर्फ राम को पुलिस ने बुधवार को सिरसा से गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी बिजेंद्र सिंह की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस ने प्रयास तेज कर दिए हैं।
आरोपी रामकुमार सिरसा में सांगवान चौक स्थित जैन अस्पताल के बाहर खड़ा था। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया। लेकिन पकड़ा गया। रामकुमार जैन अस्पताल में ही कार्यरत है। मुख्य आरोपी बिजेंद्र सिंह के साथ मिलकर ग्राहकों से सेटिंग करता था। गांव पंजुआना निवासी बिजेंद्र सिंह जेसीडी सिरसा में पीआरओ है।
गुमराह करने के लिए वह खुद को गांव बुर्जभंगू का बताता था। 3 अक्तूबर को उसने आशा वर्कर तथा अन्य को अपनी पहचान बुर्जभंगू निवासी के तौर पर करवाई थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सीआईए तथा सीआईडी की सहायता से डबवाली के सिंगला नर्सिंग होम में छापामारी करके अस्पताल संचालक डॉ. पवन सिंगला को लिंग जांच करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। गिरोह में शामिल कालांवाली निवासी बेअंत कौर, मसीतां निवासी शारदा तथा चन्नू निवासी रमनदीप कौर को भी पकड़ा था। मंगलवार देर शाम को पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायिक दंडाधिकारी (प्रथम श्रेणी) जितेंद्र सिंह की अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपियों का तीन दिन के लिए पुलिस रिमांड जारी किया था। गोल बाजार पुलिस चौकी प्रभारी एसआई देसराज ने बताया कि रामकुमार को वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा।