हरियाणा के सिरसा शहर के पाश एरिया सी ब्लॉक के निवासी प्रॉपर्टी डीलर से रंगदारी मांगते हुए घर के बाहर स्कूटी सवारों द्वारा हवाई फायर किए जाने मामले में अब नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने जांच के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए दो दिन के रिमांड पर लिया है। वहीं दूसरी ओर आरोपियों की गिरफ्तारी के बावजूद एक बार फिर प्रॉपर्टी डीलर को धमकी मिली है। इस पर पुलिस उसके घर की सुरक्षा बढ़ा दी है। घर के बाहर पीसीआर के साथ-साथ दो पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं।
डीएसपी आर्यन चौधरी ने मंगलवार दोपहर को प्रैस कॉन्फ्रेंस की और मामले की जानकारी दी। बताया कि घटना की जांच करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। डीएसपी ने बताया कि आरोपियों की पहचान विक्रमजीत निवासी ढाणी तेजा सिंह, संजय निवासी चंडीगढ़िया मोहल्ला, राजेश उर्फ रवि निवासी चौटाला, विक्रम निवासी चौटाला, अभय निवासी केलनियां के रूप में हुई है। डीएसपी मुख्यालय आर्यन चौधरी ने बताया कि सी-ब्लॉक में घर के बाहर फायरिंग करने व फोन कर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान गैंग के जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी ली जाएगी व वारदात में प्रयुक्त पिस्तौल, वाहन बरामद किया जाएंगे। उन्होंने बताया कि पांचों आरोपियों के खिलाफ पहले भी अलग-अलग थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब इनके खिलाफ शहर थाना में धारा 307, 387, 506 व 120बी के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि सी-ब्लाक में गत पांच फरवरी की रात को सतीश अरोड़ा के घर के बाहर फायरिंग करने की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई थी। स्कूटी सवार दो युवकों ने फायरिंग की थी। इसके बाद गैंग में शामिल लोगों ने फोन कर 50 लाख की रंगदारी मांगी थी। जेजे चौकी पुलिस ने सी-ब्लॉक निवासी सतीश कुमार की शिकायत पर इस संदर्भ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने संज्ञान लेते हुए सीआईए सिरसा, शहर थाना पुलिस, साइबर सेल व जेजे चौकी पुलिस की टीमों का गठन किया था। पुलिस टीमों ने जल्द ही इस मामले को सुलझाने में सफलता हासिल की है।
फायरिंग करने और रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों पर पहले से ही लूट, मारपीट अवैध हथियार रखने और अन्य कई धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। अभय निवासी केलनियां पर पहले से ही सात और विक्रमजीत निवासी ढाणी तेजा सिंह पर छह मामले दर्ज हैं। हालांकि विक्रम निवासी चौटाला अभी गैंग में शामिल हुआ था। जिसका कोई भी आपराधिक रिकॉर्ड अभी तक नहीं पाया गया है। वहीं अन्य आरोपियों पर भी मारपीट और लूट के मामले दर्ज है। गैंग के सदस्य बीते पांच वर्षों से सक्रिय है और घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।