सोमवार रात सरसाई नगरी में बदमाशों ने शहर के व्यस्तम मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप पर लूट का प्रयास किया। बदमाशों ने पहले गाड़ी की टंकी फुल कराई और बाद में पंप पर कार्यरत कारिंदे से रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया।
कारिंदे ने बहादुरी का परिचय देते हुए डंडा गाड़ी के शीशे पर मारा। इसके बाद बदमाश कारिंदे पर टूट पड़े और उसे बुरी तरह घायल कर दिया। वारदात की सूचना मिलने पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
बदमाशों की तलाश में पुलिस ने सिरसा जिले में नाकाबंदी करके सीमाएं सील कर दी। घायल कारिंदे को उपचार के लिए निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार हिसार रोड स्थित बंसल पेट्रोल पंप पर रात करीब साढे आठ बजे एक काले रंग की जीप और एक बाइक पहुंची। जीप और बाइक चालक ने पेट्रोल टंकी फुल करने को कहा।
कारिंदे ने पेट्रोल डालने के बाद रुपये मांगे तो जीप में सवार बदमाशों ने उल्टे कारिंदे के रुपयों से भरा बैग छीनने लगे। कारिंदे ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद काफी लोग आ गए।
कारिंदे सौरभ कटारिया ने बहादुरी से बदमाशों का मुकाबला किया और किसी तरह उनसे छूटकर एक डंडा गाड़ी के शीशे पर दे मारा। लोगों का जमावड़ा देख बदमाश घबरा गए।
बाइक सवार बदमाशों ने बाइक छोड़कर जीप में मेें बैठकर भाग खड़े हुए। इस बीच सूचना देने के बाद भी पुलिस के देर से पहुंचने पर लोगों में रोष फैल गया। लोगों ने बदमाशों की बाइक को डंडो और रॉड से क्षतिग्रस्त कर दिया।
बाद में काफी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जनता के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने जिले की सीमाएं सील कर चारों तरफ नाकाबंदी कर दी गई।
इस बीच पेट्रोल पंप संचालक मयंक बंसल ने बताया कि इस घटना के विरोध में सिरसा के सभी पेट्रोल पंप संचालक हड़ताल करेंगे। मंगलवार को सभी पेट्रोल पंप बंद रहेंगे।