फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाली छात्रा के मामले में पुलिस ने राजस्थान के झूंझनू निवासी महावीर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। छात्रा के पास से पुलिस को सुसाइड नोट मिला था। मंगलवार दोपहर को शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
घटनाक्रम अनुसार सोमवार रात को कोर्ट कॉलोनी स्थित एक पीजी में रहने वाली 21 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। गांव वीरूवाला गुढ़ा निवासी उक्त युवती नेशनल कॉलेज में बीए की पढ़ाई कर रही थी। सूचना मिलने पर बस अड्डा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दी और शव अपने कब्जे में लिया। पुलिस को मृतका के से एक सुसाइड नोट मिला जिसमें महावीर नामक युवक का जिक्र था। उक्त युवती महावीर से प्रेम करती थी। उसने सुसाइड नोट में लिखा कि मेरी मौत के पश्चात मेरा मोबाइल व मेरा शव महावीर को सौंप देना।
बस अड्डा चौकी प्रभारी भूदेव कुमार ने बताया कि मृतका के घरवालों का बयान दर्ज करके पुलिस ने महावीर के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। उक्त युवती और आरोपी युवक कुछ समय पहले तक कंप्यूटर सेंटर में साथ-साथ पढ़ते थे। आरोपी राजस्थान के जिला झुंझनू का रहने वाला है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।