ओढां। गांव नुहियांवाली में चोरों ने दिन दिहाड़े एक किसान के घर से लाखों रुपये के सोने चांदी के आभूषण व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। मकान मालिक ऋषि कुमार के मुताबिक वह खेत में पानी लगाने के लिए गया था। पीछे से घर में मौजूद महिलाएं दोपहर करीब 3 बजे गांव में किसी व्यक्ति के घर शोक व्यक्त करने गई हुई थी। इसी का फायदा उठाकर चोर कमरे के गेट से अंदर घुसे।
महिलाओं ने बताया कि वे घर के अंदर के 2 कमरों को ताला लगाकर गई थी। चोरों ने एक कमरे का ताला तोड़कर उसमें से सरसों से भरे बैग को उथल-पुथल किया। जहां से उन्हें कुछ नहीं मिला तो उन्होंने साथ लगते कमरे का ताला तोड़ने की कोशिश की। लेकिन ताला न टूटने के चलते चोर राड की सहायता से कुंडा उखाड़कर कमरे में दाखिल हुए। जहां उन्होंने अलमारी का ताला भी राड की सहायता से तोड़कर उसमें से सारा सामान बिखेर दिया। अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। ऋषि कुमार के मुताबिक घटना के करीब आधे घंटे बाद जब उसका लड़का घर आया तो उसने सामान बिखरा हुआ देखकर शोर मचाया। जिसके बाद आस-पड़ोस के काफी लोग एकत्रित हो गए।
मामले की सूचना फोन पर मिली है। इस समय चुनावी ड्यूटी चल रही है। इसलिए पीड़ित को थाने में शिकायत देने के लिए कहा गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस जांच कर कार्रवाई करेगी।
- पवन कुमार, थाना प्रभारी, ओढां।