जेसीडी की छात्रा से दुराचार का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
सिरसा। बरनाला रोड स्थित जेसीडी शिक्षण संस्थान की बीडीएस की छात्रा के साथ दुराचार करने के मुख्य आरोपी को महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश किया। जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर 12 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था।
ये था मामला: बता दें कि जुलाई माह में सिरसा के बरनाला रोड स्थित जेसीडी शिक्षण संस्थान में बीडीएस की एक छात्रा ने चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री के आवास के बाहर आत्महत्या का प्रयास किया था। छात्रा ने अपने साथ हुए घटनाक्रम का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर न्याय की मांग की थी। सोशल मीडिया पर वायरल किए गए वीडियो में छात्रा ने आरोप लगाया था कि फतेहाबाद जिले के गांव ठुइयां निवासी राहुल बैनीवाल ने उसके साथ शादी का झांसा देकर दो बार दुष्कर्म किया। छात्रा ने जब राहुल पर शादी का दबाव बनाया तो उसने शादी से स्पष्ट इनकार कर दिया। यही नहीं आरोप ये भी है कि राहुल व उसके परिजनों ने शादी न करने के लिए उसके परिजनों को भी धमकी दी। इसी बात से आहत होकर छात्रा ने जुलाई माह में चंडीगढ़ में सीएम आवास के बाहर जाकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। पुलिस कर्मचारियों ने उसे चंडीगढ़ के अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया। मामले के सोशल मीडिया में आने के बाद पुलिस की ओर से मामले में त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस ने छात्रा के पिता की शिकायत पर राहुल सहित करीब 12 लोगों पर अगस्त माह में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। पहले छात्रा ब्यान देने की स्थिति में नहीं थी। वीरवार को पुलिस ने मजिस्ट्रेट के समक्ष छात्रा के 164 के बयान दर्ज करवाए। छात्रा के बयान दर्ज करवाने के बाद महिला थाना प्रभारी ने तत्परता दिखाते हुए दुष्कर्म के आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया।
कोट्स:
-छात्रा के बयानों में आरोपी ठहराए गए राहुल को वीरवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां से दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ कर जल्द से जल्द उनकी धरपकड़ की जाएगी।
-सुनीता रानी, महिला थाना प्रभारी सिरसा।