अमर उजाला ब्यूरो
डबवाली।
शहर में शनिवार सुबह अलग-अलग दो सड़क हादसों में बाइक सवार चार युवक घायल हो गए जिनमें से दो की हालत गंभीर है जबकि दो को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
पहला हादसा उपमंडल के गांव मसीतां के समीप हुआ जिसमें बाइक सवार गांव मौजगढ़ निवासी संदीप पुत्र लक्ष्मण दास और उसका एक अन्य साथी पूर्ण घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिरसा रेफर कर दिया। दोनों युवक बाइक पर सवार होकर गांव से शहर आ रहे थे कि रास्ते में गांव मसीतां के समीप एक फीटर रेहड़ा से उनकी टक्कर हो जिससे दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए।
दूसरा हादसा चौटाला रोड पर स्थित तहसील कार्यालय के समीप हुआ। जहां ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार चाचा-भतीजा घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया। अस्पताल में उपचाराधीन गांव जोतांवाली निवासी विष्णु ने बताया कि वह अपने भतीजे सतपाल के साथ मोबाइल रिपेयर करवाने आया था। जैसे ही उनकी बाइक तहसील कार्यालय के समीप पहुंची तो एक ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी जिससे वह दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।