पेट्रोल पंप से चोरी की कार में तेल डलवाकर भागे युवक
ओढां। राष्ट्रीय राजमार्ग नौ पर गांव पंजुआना के निकट स्थित तीन युवक चोरी की कार में एक हजार का पेट्रोल डलवाकर फरार हो गए। इस दौरान पंप के कारिंदे ने पीछे से आ रही कार से उनका पीछा किया और पुलिस को सूचना दी। गांव नेजाडेला खुर्द के पास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को मौके से काबू कर लिया जबकि एक आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान मुक्तसर निवासी निशान उर्फ हैरी व विशाल उर्फ सुखविन्द्र निवासी मलोट के रूप में हुई है। इसके अलावा फरार आरोपी गुरचरण सिंह निवासी टिब्बी (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों से बरामद गाड़ी भी चोरी की है। गाड़ी आरोपी गुरचरण सिंह ने तीन दिन पूर्व मलोट से चोरी की थी।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम गाड़ी में सवार होकर तीन युवक मॉर्डन फीलिंग स्टेशन पर आए और चालक ने कारिंदे को एक हजार रुपये का तेल डालने को कहा। तेल डालते आरोपी अचानक वाहन को सिरसा की ओर भगा ले गए। कारिंदे धर्मपाल ने शोर मचाते हुए गाड़ी का पीछा किया। उसने पीछे से आ रही एक कार को इशारा देकर रूकवाया और आरोपियों का पीछा करने की बात कही। उधर, गांव नेजाडेला खुर्द की तरफ गश्त कर रहे बडागुढा पुलिस के एएसआई कमल कुमार ने सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को आगे से घेर लिया। आगे से पुलिस व पीछे से कार दोनों के बीच घिरे आरोपी गाड़ी को छोड़कर खेतों की ओर भाग निकले। पुलिस ने तत्परता से दो आरोपियों को धर दबोचा जबकि एक आरोपी फरार होने में सफल रहा। कार की चोरी के संबंध में सिटी मलोट थाना में मुकदमा दर्ज है। थाना प्रभारी अनिल सोढ़ी ने बताया कि आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की जा रही है। पुलिस आरोपी गुरचरण की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी गुरचरण की गिरफ्तारी से वाहन चोरी की अन्य घटनाएं भी सुलझ सकती।