अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
जिला नागरिक अस्पताल स्थित जिला परिवार कल्याण अधिकारी कार्यालय व फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन कार्यालय से मंगलवार रात चोर हजारों रुपये का सामान चुरा ले गए। चोरों ने कार्यालय में लगी एसी को भी उखाड़ लिया लेकिन साथ नहीं ले जा पाए। सुबह जब कर्मचारी विभाग में पहुंचे तो कमरे के दरवाजे टूटे पड़े थे और सामान गायब था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तथ्य जुटाकर आगामी जांच शुरू की।
जानकारी अनुसार नागरिक अस्पताल स्थित जिला परिवार कल्याण कार्यालय व उसके उपरी भाग में स्थित एफडीए विभाग का कार्यालय स्थित है। मंगलवार को कर्मचारी ड्यूटी खत्म कर ताले लगाकर घर चले गए। रात को चोरों ने जिला परिवार कल्याण कार्यालय के बाथरूम में लगी सभी टोंटियां व कुछ अन्य लोहे का सामान चुरा लिया। इसके बाद एफडीए विभाग के बाथरूम में लगी सभी टोंटियां उखाड़ ली। इसके बाद चोरों ने वहां लगी एसी को भी उखाड़ लिया, लेकिन उसे चुराकर ले जाने में कामयाब नहीं हो पाए और उसे वहीं नीचे छोडक़र चले गए। बुधवार सुबह जब कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंचे तो दोनों कार्यालयों के कमरों के गेट टूटे पड़े थे। अंदर जाकर देखा तो बाथरूम से पूरा सामान गायब था। कर्मचारियों का कहना है कि अभी वे रिकॉर्ड चेक कर रहे हैं। जांच के बाद ही पता चलेगा की कोई जरूरी दस्तावेज व दवाएं तो चोर नहीं चुराकर ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जिला परिवार कल्याणा कार्यालय से हजारों का सामान चोरी