50 लाख रुपये बोनस देने का लालच देकर चार लाख 60 हजार रुपये ठगे
सिरसा। खुद को इंश्योरेंस रेग्यूलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (आईआरडीए) का मैनेजर और एनओसी ऑफिसर बताने वाले दो लोगों ने 50 लाख रुपये बोनस देने का लालच देकर एक व्यक्ति से चार लाख 60 हजार रुपये की ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सदर बाजार निवासी दलीप सिंह ने बताया कि 12 जून 2016 को उसके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को इंश्योरेंस रेग्यूलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी मैनेजर बताया और उसे 50 लाख रुपये बोनस देने की बात कही। मैनेजर ने पॉलिसी की टर्म और प्रीमियम की बातचीत की इससे दलीप को उन पर शक नहीं हुआ और वह उनके झांसे में आ गया। इसके बाद आईआरडीए का एनओसी ऑफिसर बताने वाले एक व्यक्ति अजय वर्मा का दलीप के पास फोन आया। उसने 50 लाख का बोनस लेने के लिए उसके अकाउंट में 50 हजार रुपये डलवाने को कहा। दलीप ने 50 हजार रुपये उसके खाते में जमा करवा दिए। इसके बाद दोनों अधिकारियों के कहने पर दलीप ने जून 2016 से 23 नवंबर 2017 तक चार लाख 60 हजार 637 रुपये उनके खाते में जमा करवा दिए। इसके बाद भी दलीप के खाते में बोनस की रकम नहीं आई तो उसे धोखाधड़ी का अहसास हुआ। दलीप ने शहर थाने में जाकर अपनी शिकायत दर्ज करवाई। जांच अधिकारी रघुवीर का कहना है कि पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। अभी ये भी साफ नहीं है कि धोखाधड़ी करने वाले ये लोगों इंश्योरेंस रेग्यूलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी के पदाधिकारी हैं भी या नहीं। मामले की जांच में असल आरोपियों का पता चलेगा।