सीडीएलयू में मजदूर की गिरकर मौत, दो ठेकेदारों पर हत्या का केस दर्ज
सिरसा। चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय में निर्माणाधीन एक भवन के निर्माण कार्य के दौरान शनिवार की शाम गोशाला मोहल्ला निवासी मजदूर सुरेश की भवन से गिरने पर गंभीर चोटें लगने से मौत हो गई। हालांकि पहले घटना को इत्तफाकिया माना जा रहा था। बाद में मृतक के बड़े भाई ओमप्रकाश व जीजा सुुरेंद्र द्वारा लगाए गए आरोपों को देखते हुए पुलिस ने दो ठेकेेदारों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। मृतक के बड़े भाई ओमप्रकाश व राजस्थान के नोहर निवासी जीजा सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि सिरसा के हुडा निवासी पवन गोयल व प्रमोद चंद, जोकि निर्माण कार्यों का ठेका लेते हैं। दोनों ने एसएस ट्रेडर्स फर्जी फर्म मृतक सुरेश के नाम से बना रखी थी। सुरेश को इस बारे कोई जानकारी नहीं थी। आरोप है कि दोनों ने फर्म के नाम से जो सामान लिया। उसका जीएसटी नहीं भरा। जोकि करीब दो से ढाई करोड़ रुपये था। उन्होंने बताया कि फर्म के नाम से पवन गोयल के पास संबंधित विभाग की ओर से टैक्स का नोटिस आया था। जोकि सुरेश सैनी के नाम था। दोनों को ये आभास हुआ कि जब इस बारे सुरेश को पता चलेगा तो वह उनका भांडा फोड़ देगा। दोनों ने एक साजिश के तहत सुरेश को शनिवार की शाम निर्माण दौरान छत से धक्का दे दिया। जिससे गंभीर चोटें लगने पर सुरेश ने देर रात्रि उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ उन्होंने मामले में जांच की मांग की है।
दोपहर बाद हुआ पोस्टमार्टम:
सिरसा के गोशाला मोहल्ला निवासी सुरेश सैनी पुत्र हेमराज सैनी, जोकि मजदूरी करता था। सीडीएलयू में चल रहे भवनों के निर्माण कार्य के दौरान शनिवार को गिरने से उसकी गंभीर चोटें लगने पर उसकी मौत हो गई। ठेकेदारों द्वारा पहले मामले को इतेफाकिया बताया जा रहा था। लेकिन बाद में मृतक के बड़े भाई व जीजा द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद पुलिस भी हरकत में आई। परिजनों के गुस्से को देखते हुए सिटी एसएचओ भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बात की। बाद दोपहर पुलिस की ओर से पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौँपा गया। परिजनों के शांतिपूर्वक शव ले जाने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
कोट्स:
मृतक के बड़े भाई ओमप्रकाश व जीजा सुरेंद्र के बयानों पर सिरसा निवासी ठेकेदार पवन गोयल व प्रमोद चंद के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। दोनों पर आरोप हैं कि मृतक सुरेश के नाम से फर्जी फर्म बनाई हुई थी। जीएसटी का टैक्स करीब ढाई करोड़ रुपये भरा नहीं। साजिश के तहत सुरेश को दोनों ने निर्माण कार्य के दौरान छत से गिरा दिया और इसे महज एक हादसे का रूप देने का प्रयास किया। पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
- सुरजीत सहारण, पुलिस प्रवक्ता सिरसा।