अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
शहर की सुरक्षा व्यवस्था के पुलिसिया दावे खोखले साबित होते जा रहे हैं। वीरवार रात को बदमाशों ने हुडा कॉलोनी निवासी एक युवक पर हमला कर हथियारों के बल पर उसकी कार लूटकर फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस ने चारों तरफ नाकेबंदी करवा दी, लेकिन लुटेरों का कोई पता नहीं चल पाया। पुलिस ने युवक की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हुडा सेक्टर-20 निवासी लोहित वर्मा वीरवार रात को जिम में गया था। करीब साढ़े दस बजे कार में सवार होकर घर लौट रहा था। लोहित का कहना है कि हुडा चौक पर पहुंचने पर एक गाड़ी ने उसकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। कार रोककर लोहित बाहर निकला तो गाड़ी से तीन युवक नीचे उतरे और उसपर हमला कर दिया। एक युवक ने पिस्तौल निकालकर उस पर गोली चलाई जिसमें वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद अन्य दो युवकों ने भी पिस्तौल निकाल ली। उक्त युवक हथियार के बल पर उसकी कार छीनकर फरार हो गए। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी। हुडा चौकी इंचार्ज ओम प्रकाश का कहना है कि लोहित की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ लूटपाट व शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
------------------------
डीसी ऑफिस में स्टेनो टाइपिस्ट की नौकरी करने वाली महिला के घर चोरी
सिरसा। लघु सचिवालय परिसर स्थित आवासीय कॉलोनी में चोरों ने एक क्वार्टर में सेंध लगाकर हजारों की नगदी चुरा ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात शख्स के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार क्वार्टर नंबर 14 निवासी सुमन कुमारी डीसी ऑफिस में स्टेनो टाइपिस्ट के पद पर कार्यकरत है। सुनम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वीरवार दोपहर डेढ़ बजे वह क्वार्टर में पहुंची तो अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखा पर्स गायब मिला। पर्स में दस हजार रुपये रुपये थे। अज्ञात शख्स दोपहर को गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसकर चोरी करके चला गया। हुडा चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अज्ञात शख्स के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया है।
हुडा चौक पर युवक पर हमला कर लूटी कार
चार युवकों ने दिया वारदात को अंजाम