पोते की चाह में बच्ची को चिमटो से दागने वाली दादी गिरफ्तार
किसी तांत्रिक या झाड़फूंक करने वाले की संलिप्तता को लेकर जांच जारी
अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
डिंग थाना क्षेत्र के गांव मौजूखेड़ा में गत नौ जुलाई को चार वर्षीय एक मासूम बच्ची को चिमटों से जलाने के मामले में थाना डिंग पुलिस ने बच्ची की दादी कमलादेवी पत्नी भागा राम निवासी मौजूखेड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि कमला देवी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान अगर इस कार्य में किसी तांत्रिक या झाड़फूंक करने वाले किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता पाई गई तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डिंग थाना के प्रभारी सब इंस्पेक्टर जंगीर सिंह ने बताया कि बाल कल्याण समिति की सदस्या गीता कथूरिया की शिकायत पर डिंग थाना में जेजे एक्ट 2015 (किशोर न्याय अधिनियम) के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि डॉक्टर की रिपोर्ट आने के बाद इस अधिनियम में अन्य धाराओं को भी जोड़ा जाएगा। डिंग थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार की गई कमला देवी से पूछताछ के दौरान पता चला है कि चार वर्षीय बच्ची रजनी की मां सुनीता पत्नी मांगेराम के सबसे पहले बेटा पैदा हुआ था, जिसकीदो वर्ष की उम्र में ही बीमारी की वजह से मृत्यु हो गई थी। उसके बाद रजनी की मां सुनीता के तीन बेटियां कविता, मनीषा और रजनी पैदा हुई।
डिंग थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर जंगीर सिंह ने बताया कि कमला देवी से प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि पोते की चाहत में दादी कमला देवी ने मासूम रजनी के साथ इस तरह का कायरता पूर्ण कार्य किया है। उधर पुलिस प्रवक्ता सुरजीत सिंह सहारण ने बताया कि डॉक्टरों की रिपोर्ट के आधार पर पहले से दर्ज मुकदमें में आईपीसी की धारा 307 (जान से मारने का प्रयास) और जोड़ दी गई है।