ओढां। गांव रत्ताखेड़ा में चोरों ने वीरवार रात्रि 4 घरों को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के आभूषणों के अलावा हजारों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुुंचकर पीड़ितों से जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीण रीटा देवी ने पुलिस को बताया कि उसके परिवार के सदस्य आंगन व कमरे में सोए हुए थे। इसी का मौका पाकर चोर घर में घुसे। इस घटना का पता रीटा देवी को सुबह लगा। उसने देखा कि कमरे में रखी अलमारी से सामान बिखरा पड़ा था। रीटा देवी के मुताबिक चोर उसके घर से 6 हजार रुपये की नकदी व जरूरी कागजात रखा हुआ बटुआ ले गए। वहीं दूसरी घटना में साथ लगते घर की मालिक विद्या देवी ने बताया कि चोर उसके घर से सोने-चांदी के गहने व हजारों रुपये की नकदी रखा छोटा ट्रंक, पर्स व बैग उठा ले गए। इस घटना का पता उसे तब लगा जब वह अलसुबह उठी। विद्या देवी के मुताबिक उसके घर में 31 मार्च को उसकी दोहती शालू की शादी थी। चोर उसके घर से उसकी दोहती का पर्स, ट्रंक व बैग उठा ले गए। जब उन्होंने इसकी जांच पड़ताल की तो उक्त सामान साथ लगते खेतों से बरामद हुआ। पीड़ित के मुताबिक चोर उसके घर से करीब 3500 रुपये की नकदी व उसकी दोहती के शादी में डाले गए सोने-चांदी के गहने भी ले गए। वहीं तीसरी घटना मकान मालिक भूप सिंह ने बताया कि चोर उसके घर से सोने-चांदी के आभूषण व 800 रुपये की नकदी सहित अन्य सामान उड़ा ले गए। तीन घरों में उत्पात मचाने के बाद चोरों ने अनाजमंडी के निकट मदन लाल डूडी के घर को निशाना बनाया। जहां से वे एक ट्रंक उठा ले गए। मदन लाल के मुताबिक ट्रंक में नकदी न मिलने के कारण चोर उसे खेतों में फेंककर फरार हो गए। सूचना पाकर थाना प्रभारी पवन कुमार ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित लोगों से मामले की जानकारी ली।
चोरों ने 3-4 घरों को निशाना बनाया है। जहां से सोने-चांदी के गहने व नकदी चोरी हुई है। कुछ आभूषण लोगों को अटैची में मिल भी गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। -पवन कुमार, थाना प्रभारी (ओढां)