अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। शहर के बेगू रोड निवासी एक व्यक्ति से दो लोगों ने आर्म्स लाइसेंस बनवाने व गाड़ी का वीआईपी नंबर दिलवाने के नाम पर 2.40 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने शहर थाना में शिकायत दर्ज करवाई है।
शिकायत में बेगू रोड निवासी अशोक मेहता ने बताया कि उसकी गुरबचन धींगड़ा के साथ जान पहचान थी। गुरबचन ने कहा कि अगर उसे आर्म्स लाइसेंस बनवाना है तो एक लाख रुपये लगेंगे और अगर कार का वीआईपी नंबर लेना है तो उसके लिए डेढ़ लाख रुपये लगेेंगे। गुरबचन सिंह ने उसे आश्वासन दिया की उसकी उपायुक्त कार्यालय में कर्मचारियों से अच्छी सेटिंग है। जल्दी ही उसका काम करवा देगा। अशोक मेहता ने बताया कि करीब दो माह पूर्व उसने नई वरना कार खरीदी थी। जिसका बिल उसके छोटे भाई गौरव मेहता के नाम से कटा हुआ है। उसने गाड़ी की आरसी नाम करवाने के लिए हुडा सेक्टर निवासी गुरबचन धींगड़ा टाइपिस्ट की बातों पर विश्वास कर उसे 1.40 लाख रुपये दे दिए। कुछ दिन बाद गुरबचन सिंह ने उससे कहा कि आर्म्स लाइसेंस बनवाने के लिए एक लाख रुपये लगेंगे। उसने गुरबचन को एक लाख रुपये दे दिए। काफी समय बीतने के बाद भी न तो उसका आर्म्स लाइसेंस बना और न ही उसे गाड़ी का कोई वीआईपी नंबर दिलाया गया। जब भी वह गुरबचन से बात करता तो वह हर बार आश्वासन दे देता। दो दिन पूर्व सख्ती से पूछने पर गुरबचन सिंह ने जवाब दिया की हमने तो पैसे ऐंठने थे। तेरे से जो होता है कर ले। इसके बाद उसे अपने साथ हुई ठगी का पता चला। शहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।