एटीएम बदलकर खाते से निकाले 30 हजार रुपए
अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। शहर के सुरखाब चौक के निकट स्थित एक व्यक्ति एटीएम से पैसे निकलवाने के लिए आई एक महिला का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 30 हजार रुपए निकाल लिए। महिला के मोबाइल पर राशि निकालने का मैसेज आया तो उसे अपने साथ हुई ठगी का पता चला। जिसके बाद उसने बैंक अधिकारियों को सूचित कर एटीएम बंद करवाया।
जानकारी के अनुसार सिरसा के कंगनपुर रोड निवासी महिला प्रीत कौर 30 नवंबर की सांय को सुरखाब चौक के निकट स्थित इंडियन बैंक के एटीएम से पैसे निकलवाने आई थी। इसी दौरान एटीएम के बाहर एक व्यक्ति अचानक उससे टकरा गया। जिससे उसका हाथ में लिया एटीएम नीचे गिर गया। व्यक्ति ने शातिर तरीके से उसका एटीएम बदल लिया और उसे अपना एटीएम पकड़ा दिया। शनिवार की सांय को उसके मोबाइल पर 30 हजार रुपए खाते से निकासी का मैसेज आया। जिसके बाद उसने अपना एटीएम संभाला तो वह बदला हुआ था। उसने तुरंत बैंक अधिकारियों को सूचित कर एटीएम बंद करवा दिया। जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि महिला ने शनिवार की सांय को एटीएम बदलने की शिकायत दी थी। जिसके बाद केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।