मानसिक परेशानी के चलते लगाया फंदा, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
डबवाली। उपमंडल के गांव मांगेआना निवासी 32 वर्षीय अमृतपाल ने मानसिक परेशानी के चलते वीरवार रात फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह अमृतपाल को गार्डर से लटकते देखकर गांववासियों ने इसकी सूचना सरपंच को दी। सरपंच की सूचना पर थाना सदर के एएसआई कृष्ण कुमार मौके पर पहुंचे और शव को डबवाली के सामान्य अस्पताल भिजवाया। उन्होंने बताया कि पुलिस को दिए बयान में मृतक की पत्नी संदीप कौर ने बताया कि उसकी करीब सात वर्ष पूर्व अमृतपाल से शादी हुई थी। तभी से उसके सास-ससुर व ननद उन्हें परेशान करते थे। इस बाबत कई बार परिजनों को समझाया, लेकिन उनका रवैया नहीं बदला। इस कारण उसका पति अमृतपाल मानसिक तौर पर परेशान रहने लगा। वह गांव में ही अलग मकान में रहते थे, लेकिन फिर भी उन्हें परेशान किया जाता था। इस परेशानी से तंग आकर वह चार माह पूर्व कालांवाली आकर रहने लगे थे। उसका पति वीरवार को कालांवाली से गांव मांगेआना आया हुआ था और उसने इसी मानसिक परेशानी के कारण फंदा लगाकर जान दे दी। जांच अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक की पत्नी संदीप कौर के ब्यान पर मृतक अमृतपाल के पिता गुरचरण सिंह, माता कर्मजीत कौर व बहन नीतू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।