लावारिस पशु के आगे आने से बाइक सवार की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
रानियां। क्षेत्र के गांव नाइवाला के निकट बुधवार रात्रि को बाइक के आगे लावारिस पशु के आने से बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना मृतक के परिजनों व पुलिस को दी। सूचना मिलने पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंचे। जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार गांव नाइवाला निवासी करीब 32 वर्षीय पालाराम पुत्र रणजीत सिंह खेतीबाड़ी करता था। बुधवार सांय वह गांव खाजाखेड़ा में रिश्तेदारी में आया हुआ था। रात्रि को वापस लौटते वक्त गांव के पास ही बाइक के आगे कोई लावारिस पशु आ गया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। सिर में गहरी चोटें लगने के कारण मौके पर ही पालाराम की मौत हो गई। आसपास के लोगों ने घटना संबंधी परिजनों व पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने सुबह शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।