राजस्थान सीमा पर जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई
सिरसा। राजस्थान में आगामी सात दिसंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिला के साथ लगती राजस्थान सीमा पर जिला पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
ऐलनाबाद, रानियां, नाथूसरी चोपटा व सदर डबवाली थाना के अधीन आने वाले व राजस्थान सीमा से सटे स्थानों पर नियमित नाकों के अलावा 14 अतिरिक्त नाके लगाकर हथियार बंद जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा कच्चे रास्तों पर भी पुलिस का विशेष पहरा रहेगा। राजस्थान से आने और जाने वाले वाहनों व व्यक्तियों की बारीकि से तलाशी के बाद ही जिला में प्रवेश हो पाएगा। नाकों पर तैनात पुलिस के जवान लगातार राजस्थान सीमा की ओर से आने वाले व जिला से राजस्थान में प्रवेश करने वाले वाहनों व व्यक्तियों को बारीकि से चैक कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक डा. अरुण सिंह ने इस संबंध में सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि इस दौरान सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए और संदिग्ध लोगों पर कड़ी निगाह रखी जाए। थाना प्रभारियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि सभी प्रमुख मार्गों के अलावा कच्चे रास्तों व नहरों के रास्तों पर भी पुलिस गश्त बढ़ाकर विशेष सावधानी बरती जाए। बुधवार शाम चुनाव प्रचार खत्म होते ही जिला से राजस्थान की ओर जाने वाले सभी रास्ते सील कर दिए जाएंगे और सभी नाकों पर चौबीस घंटे पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। संबंधित थानों के एसएचओ भी स्वयं इस दौरान समय-समय पर मौजूद रहकर निरीक्षण करेंगे।